नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। एसएसपी अविनाश पांडेय ने महिला थाने की कार्यप्रणाली
पर सवाल खड़े होने के बाद बड़ा कदम उठाया है। एसएसपी ने महिला थाने में तैनात 19 महिला
पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी अविनाश पांडेय सुबह करीब
6:30 बजे महिला थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। उस समय थाने की स्थिति देखकर
वह हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि थाने पर जिम्मेदार पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी, एक
महिला पुलिसकर्मी थी, लेकिन वह भी सो रही थी। एसएसपी वहां से क्राइम रजिस्टर अपने साथ
ले गए, लेकिन इसकी भनक तक किसी को नहीं लगी। अगले दिन भी किसी ने रजिस्टर के गायब होने
की जानकारी अधिकारियों को नहीं दी। एसएसपी ने महिला थाना प्रभारी से क्राइम रजिस्टर
तलब किया। जब रजिस्टर नहीं मिला तो थाने में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी रजिस्टर
का पता नहीं चला। इसके बाद थाने के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तब पता चला
कि सुबह खुद एसएसपी थाने आए थे और वही रजिस्टर लेकर गए थे।
मामले को माना गया गंभीर
मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने महिला थाने
में तैनात 19 महिला पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया। पुलिस विभाग में इस कार्रवाई
की चर्चा जोरों पर है। माना जा रहा है कि यह कदम थानों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित
करने के लिए उठाया गया है।
चर्चा में है मेरठ का महिला थाना
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में साफ संदेश गया है
कि थानों की कार्यप्रणाली में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी
की इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासनात्मक सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। आईपीएस
अविनाश पांडे उत्तर प्रदेश के तेजतर्रार ईमानदार अफसरों में हैं, जो लगातार भ्रष्टाचार
और लापरवाह पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।

No comments:
Post a Comment