Breaking

Your Ads Here

Friday, June 26, 2026

मानसिक स्वास्थ्य के नवीन आयामों पर मंथन, ‘सुभारती साइकियाट्री अपडेट-2026’ बना राष्ट्रीय ज्ञान-संगम

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय के सुभारती मेडिकल कॉलेज एवं छत्रपति शिवाजी सुभारती हॉस्पिटल के मनोचिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (सीएमई) कार्यक्रम ‘सुभारती साइकियाट्री अपडेट-2026 : रिसेंट एडवांसेज’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह राष्ट्रीय शैक्षणिक आयोजन देशभर के मनोचिकित्सकों, शोधार्थियों एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए ज्ञान एवं अनुभव के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का आयोजन सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज, कार्यकारी अधिकारी डॉ. कृष्णा मूर्ति, सुभारती मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महेश कुमार मित्तल, सीनियर मेडिकल सुपरिन्टेन्डेन्ट डॉ. एच. एस. मिन्हास तथा मेडिकल सुपरिन्टेन्डेन्ट डॉ. मुकेश कुमार माहेश्वरी के संरक्षण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक कुमार ने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर के सीएमई में देश के विभिन्न राज्यों से आए विशेषज्ञों और प्रतिभागियों ने मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवीनतम शोध, आधुनिक उपचार पद्धतियों एवं उभरती तकनीकों पर व्यापक चर्चा की। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर बदलती चुनौतियों को देखते हुए चिकित्सकों के लिए सतत चिकित्सा शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने अपने संदेश में कहा कि मानसिक स्वास्थ्य केवल चिकित्सा का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक एवं मानवीय उत्तरदायित्व भी है। वर्तमान समय में बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच चिकित्सकों को नवीनतम शोध, तकनीकों एवं उपचार पद्धतियों से निरंतर अद्यतन रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। सीएमई के दौरान डिजिटल मानसिक स्वास्थ्य, साइकेडेलिक उपचार, मेजर डिप्रेसिव डिसऑर्डर, नींद संबंधी विकार, बॉर्डरलाइन पर्सनैलिटी डिसऑर्डर, नशा मुक्ति तथा स्किजोफ्रेनिया के आधुनिक उपचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। विशेषज्ञों ने साक्ष्य-आधारित उपचार पद्धतियों एवं मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम विकास पर अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से आए विशेषज्ञ डॉ. रवि गुप्ता, डॉ. पंकज वर्मा, डॉ. तरुण पाल, डॉ. मोहन ध्यानी, डॉ. संदीप चौधरी, डॉ. मनुश्री गुप्ता, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. ए. के. सेठ, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. ऐश्वर्या राज, डॉ. निखिल नैयर, डॉ. सौरभ कुमार, डॉ. अभिनीत कुमार एवं डॉ. गौतम आनंद सहित अन्य विशेषज्ञों ने अपने ज्ञानवर्धक व्याख्यानों से प्रतिभागियों को समृद्ध किया। कार्यक्रम के अंतर्गत शोधार्थियों के लिए पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने शोध कार्यों का प्रभावी प्रदर्शन किया। इस शैक्षणिक कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल द्वारा 3 सीएमई क्रेडिट्स प्रदान किए गए, जिससे प्रतिभागी चिकित्सकों को सतत चिकित्सा शिक्षा के अंतर्गत महत्वपूर्ण शैक्षणिक लाभ प्राप्त हुआ।

समापन अवसर पर डॉ. विवेक कुमार ने कहा कि यह सीएमई चिकित्सकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रही नवीनतम प्रगति को समझने और उसे व्यवहारिक चिकित्सा में अपनाने का उत्कृष्ट मंच सिद्ध हुआ है। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. स्वालेहा, डॉ. रितिका सिंह, डॉ. आकाश चौधरी, डॉ. लिया गुप्ता, डॉ. मेहर बर्मी, डॉ. श्वेता वर्मा, डॉ. सुरभी, डॉ. शिवम् उपाध्याय, डॉ. दिव्या अग्रवाल, डॉ. आदर्श, डॉ. अदिति, डॉ. प्रणव, डॉ. अमृत, डॉ. शयामाशिष, डॉ. अवनीश एवं डॉ. अश्रुत अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।

‘सुभारती साइकियाट्री अपडेट-2026’ न केवल एक शैक्षणिक आयोजन रहा, बल्कि यह सुभारती मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक उत्कृष्टता, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here