मेरठ में दर्दनाक हादसा: स्विमिंग पूल में डूबने से मासूम की मौत
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मेरठ के लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र में रविवार को एक बेहद दुखद घटना घटी, जहाँ पिल्लोखड़ी पुल के पास स्थित एक निजी स्विमिंग पूल में डूबने से 7 वर्षीय मासूम आकिल की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, तारापुरी निवासी यूसुफ का बेटा आकिल मानसिक रूप से दिव्यांग था और वह दोपहर के समय घर से बिना बताए अचानक कहीं निकल गया था।
भटकते हुए वह जाटव गेट निवासी वासेगाजी के स्विमिंग पूल के पास पहुँच गया, जिसे वर्तमान में वसीम नामक व्यक्ति ठेके पर चला रहा था। खेलते-खेलते बच्चा अचानक गहरे पानी में गिर गया और काफी देर तक बाहर नहीं निकला। ठेकेदार वसीम को जब संदेह हुआ तो उसने पानी के भीतर जाकर देखा, जहाँ बच्चा अचेत अवस्था में मिला।
आनन-फानन में उसे मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और यह जांच की जा रही है कि क्या पूल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं। सोशल मीडिया के जरिए बच्चे की शिनाख्त होने के बाद से ही पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है।

No comments:
Post a Comment