आसपास का क्षेत्र खाली कराया, 7 घंटे में 7 दमकल ने आग पर काबू पाया
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। धार रोड स्थित प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फैक्ट्री डीयू ड्रॉप एरिगेशन में शनिवार सुबह करीब 7 बजे आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि उसका काला धुआं और गुब्बार कई किलोमीटर दूर से देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। पोकलेन मशीन और फायर फाइटिंग रोबोट मंगाया गया।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। फायर कर्मी लगातार मशक्कत कर रहे हैं, आग पूरी तरह नियंत्रित हो गई। 45 टैंकर पानी लग चुका है। RRCAT के डिप्टी फायर ऑफिसर अजय कुमार ने बताया कि आग ज्यादा है। यहां पानी के सोर्स नहीं हैं। इस वजह से परेशानी आ रही है। हालांकि हम दूसरे टैंकरों से पानी बुलाकर दमकल को फिलअप कर रहे हैं। वहीं निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां मौके पर हैं। फैक्ट्री के अंदर अभी घुसने की स्थिति नहीं थी, यहां टीन शेड लगा था, जिसे हटाकर आग बुझाने के प्रयास किये गये।
आसपास का क्षेत्र खाली कराया....
आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया है ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में रखा सामान जलकर खाक होने की आशंका है।
हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है।
फैक्ट्री में नहीं थे मजदूर....
फैक्ट्री संचालक मोहम्मद जावेद कुरैशी ने बताया आज अमावस्या थी, इसलिए आज लेबर नहीं आई थी। यहां 30 से 35 लोग काम करते हैं, दिन और रात की शिफ्ट चलती हैं। इस फैक्ट्री के पास ही दिलीप की हर्बल प्रोडक्ट की फैक्ट्री है।
डीपी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग....
मोहम्मद जावेद ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में लगी डीपी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जो तेजी से फैल गई और पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। प्लास्टिक का दाना भरा होने के कारण आग तेजी से भड़की। उन्होंने बताया कि 10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। तभी से यहीं हूं। गांव वाले भी सपोर्ट कर रहे हैं। हमने अपने ट्यूबवेल से पानी भिजवाया है।
फोम का भी करना पड़ा इस्तेमाल....
निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने बताया कि हमारी फायर फाइटर गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं। आग पर काबू पाने के लिए हमने फोम का भी इस्तेमाल किया है। जल्द ही पूरी तरह से आग पर काबू पा लिया जाएगा। सभी फैक्ट्री मालिकों से कहते हैं कि कारखाने में आग पर काबू पाने के इंतजाम होने चाहिए।






No comments:
Post a Comment