Breaking

Your Ads Here

Tuesday, May 12, 2026

जहरीला धुआं उगलकर वातावरण को प्रदूषित कर रही फैक्ट्रियां

वसीम मलिक 
नित्य संदेश, रोहटा : क्षेत्र में स्थानीय पुलिस-प्रशासन और प्रदूषण विभाग की कथित मिलीभगत से अवैध रूप से संचालित काला नमक बनाने की फैक्ट्रियां लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही हैं। बिना प्रदूषण विभाग की एनओसी और फूड विभाग के लाइसेंस के चल रही ये फैक्ट्रियां खुलेआम जहरीला धुआं उगलकर वातावरण को प्रदूषित कर रही हैं, जबकि खाने में इस्तेमाल होने वाले नमक के गुणवत्ता मानकों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई फैक्ट्रियां लंबे समय से गंगनहर किनारे सलाहपुर गांव के जंगल और आबादी से सटे इलाकों में धड़ल्ले से संचालित हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं। फैक्ट्रियों से निकलने वाला काला धुआं और तेज बदबू लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों सलीम, नीरज ठाकुर, संजय बावरा, रामकुमार पूर्व प्रधान, सचिन, सुरेंद्र तोमर, आदि का कहना है कि प्रदूषण के चलते गांव सलाहपुर, डूंगर पुठ खास आदि गांवों में सांस और आंखों से जुड़ी दिक्कतें बढ़ रही हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बिना लाइसेंस और मानकों के तैयार किया जा रहा काला नमक लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ है। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। ग्रामीणों ने अवैध फैक्ट्रियों पर तत्काल शिकंजा कसने और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
बताया गया है कि शिकायतों के बाद बुधवार को संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई की जा सकती है। इसे लेकर फैक्ट्री संचालकों में भी खलबली मची हुई है। 

उधर इस संबंध में प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी योगेश मिश्रा का कहना है की सूचना मिली है बुधवार को मौके पर जाकर जांच कराई जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here