Friday, May 15, 2026

जिला पोषण समिति की विकास भवन सभागार में आयोजित हुई बैठक

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक का एजेण्डा वर्तमान समय में चेहरा प्रमाणिकरण के माध्यम से पुष्टाहार का वितरण, 0 से 6 वर्ष के ग्राम सभा में सभी बच्चों का वजन, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा गर्भवती महिलाओं, अति कुपोषित बच्चों के घर का गृह भ्रमण, प्रधान मंत्री मातृ वन्दना योजना, कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में संदर्भित कराना आदि। 

इस अवसर पर बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविका, आंगनबाड़ी केन्द्रों का भ्रमण करें और आवश्यकतानुसार शालापूर्व शिक्षा देते हुए केन्द्रों में सुधार लायें। आंगनबाड़ी ग्रामीण स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर गर्भवतियों एवं कुपोषित बच्चों को सत्र पर लाते हुए उनकी स्वास्थ्य जाँच करायें एवं आवश्यकतानुसार टीके लगवाएँ। प्रधान मंत्री मातृ वन्दना योजना पर जनपद की खराब प्रगति पर जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा बताया गया कि वर्तमान समय में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के मैपिंग का कार्य चल रहा है जिस पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा कड़ाई से निर्देश दिये गये कि उक्त अवधि में सभी मुख्य सेविका लाभार्थियों का आवेदन पत्र एकत्रित कर लें जिससे समय आने पर उन्हें लाभ दिया जा सके। पोषण पुनर्वास केन्द्र के संदर्भ में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि कुपोषित बच्चों का नियमानुसार ध्यान दिया जाए तथा शासन की मंसा के अनुसार लाभान्वित किया जाए। 

जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा अनुरोध किया गया कि बाल विकास परियोजना कार्यालय की स्थिति बहुत ही खराब है जिस पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा आदेश दिया गया कि जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी और समस्त खण्ड विकास अधिकारियों की कमेटी के आधार पर विकास खण्ड परिसर में बाल विकास परियोजना कार्यालय के लिए 464 वर्ग मीटर की जमीन उपलब्ध कराए, जिससे उक्त प्रस्ताव शासन को भेजा जा सके। वजन कम होने के कारण जिलाधिकारी महोदय द्वारा बैठक में मुख्य विकास को निर्देश दिया गया कि बाल विकास परियोजना अधिकारी माछरा को स्पष्टीकरण जारी करें। बैठक में समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी / प्रभारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment