Breaking

Your Ads Here

Friday, May 1, 2026

बरगी क्रूज हादसे में बड़ी कार्रवाई, पायलट-हेल्पर समेत कई जिम्मेदारों पर गिरी गाज, मृतकों की संख्या नौ हुई, आधा दर्जन लापता


नित्य संदेश एजेंसी 
जबलपुर। बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे के बाद प्रशासन ने लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की है. तेज हवाओं के बीच क्रूज पलटने से 9 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए, जिससे कई परिवारों की खुशियां छिन गईं. दुर्घटना के बाद जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. 

क्रूज हादसे को लेकर प्रशासन ने जिम्मेदारों की भूमिका पर कड़ा रुख अपनाया है. कार्रवाई के तहत क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं.

मैनेजर निलंबित, जांच शुरू
होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित कर दिया गया है. इसके अलावा रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है. दरअसल, यह हादसा गुरुवार शाम नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध पर हुआ, जब अचानक आए तूफान ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. उफनते पानी और तेज हवाओं के बीच फंसी नाव संतुलन खो बैठी और पलट गई. हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया.

मृतकों की संख्या 9, कई लापता
शुक्रवार को डूबी क्रूज से पांच और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई. हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं. करीब छह लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है. अब तक 28 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है.



No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here