Breaking

Your Ads Here

Friday, May 8, 2026

रोहटा में अवैध खनन पर पुलिस खामोश, ग्रामीणों ने खनन अधिकारी से की शिकायत

नित्य संदेश ब्यूरो

रोहटा। थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाहिद क्षेत्र में अवैध रूप से दिन रात पुलिस की मिलीभगत से युद्ध स्तर पर खनन किया जा रहा हैं । जिसको लेकर भारतीय किसान यूनियन के साथ ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। जब पुलिस को शिकायत के बाद कारवाही नहीं की तो ग्रामीणों ने क्षेत्रीय खनन अधिकारी मेरठ को शिकायती पत्र भेजकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांवों के आसपास कृषि भूमि में मानकों को दरकिनार कर बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार खनन कार्य के चलते कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने कहा कि रात-दिन चल रहे डंपर और मशीनों के कारण क्षेत्र में धूल प्रदूषण फैल रहा है तथा किसानों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। शिकायत पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि खनन माफिया प्रशासनिक नियमों की अनदेखी कर बिना अनुमति के कार्य कर रहे हैं। भारी वाहनों के लगातार आवागमन से गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विरोध करने के बावजूद खनन कार्य बंद नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने खनन अधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध खनन तत्काल बंद कराने और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की भी मांग उठाई गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here