Wednesday, May 13, 2026

इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी पर सवार होकर शास्त्री नगर स्थित अपने कार्यालय पहुंचे विनीत शारदा


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देशवासियों से पेट्रोल एवं डीजल आधारित वाहनों का कम उपयोग करने तथा ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने की अपील से प्रेरित होकर एक अनुकरणीय पहल की।

दोपहर लगभग 02:00 बजे विनीत अग्रवाल शारदा अपने निवास सुशांत सिटी सेक्टर-5, वेदव्यास पुरी से इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी पर सवार होकर शास्त्री नगर स्थित अपने कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रास्ते में व्यापारियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से संवाद किया तथा सभी से पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और स्वदेशी ऊर्जा संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने का आवाहन किया।

विनीत शारदा ने कहा कि आज पूरा विश्व ऊर्जा संकट और पर्यावरण प्रदूषण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में भारत को आत्मनिर्भर और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हरित ऊर्जा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा हम सभी को इस अभियान का सहभागी बनना चाहिए।

उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर देशहित में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। यदि अधिक से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करें, अनावश्यक ईंधन खर्च से बचें और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाएं, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

इस अवसर पर विनीत अग्रवाल शारदा ने सार्वजनिक रूप से संकल्प लेते हुए कहा कि वह भविष्य में सोने की खरीदारी नहीं करेंगे, पेट्रोल आधारित गाड़ियों का उपयोग न्यूनतम करेंगे, बाहर आने-जाने के लिए इलेक्ट्रिक कार एवं इलेक्ट्रॉनिक वाहनों को प्राथमिकता देंगे तथा अनावश्यक विदेश यात्राओं से भी बचेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता है।

उन्होंने कहा कि यदि देश का प्रत्येक नागरिक ऊर्जा बचत को अपना व्यक्तिगत दायित्व मान ले, तो भारत आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी विश्व का नेतृत्व कर सकता है।

इस अभियान को लेकर व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने विनीत अग्रवाल शारदा की पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।

No comments:

Post a Comment