Breaking

Your Ads Here

Sunday, May 10, 2026

‘मां तुझे प्रणाम’ में गूंजे राष्ट्रभक्ति और संस्कृति के स्वर

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। क्रांति दिवस, मातृ दिवस एवं माछरा के 1268वें पुनर्स्थापना दिवस पर एमपी फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य समारोह माछरा महोत्सव ‘मां तुझे प्रणाम’ में राष्ट्रभक्ति, संस्कृति, इतिहास और सामाजिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। एल ब्लॉक शास्त्रीनगर स्थित ईस्माइल गर्ल्स नेशनल इंटर कॉलेज में आयोजित इस समारोह में अमर शहीदों, मातृशक्ति और गांव की महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।


समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि एवं शिक्षाविद् जगतवीर सिंह ‘जगन्नाथ’ ने की, जबकि संचालन प्रधानाचार्य डा. जितेंद्र त्यागी ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी रहे, जबकि मुख्य वक्ता वरिष्ठ कवि एवं इतिहासकार डा. किरण सिंह रहे। उद्घाटन सेवानिवृत्त सहायक गन्ना आयुक्त आनंद कुमार जौहरी ने किया। विशिष्ट अतिथियों में कर्नल ओंकार शर्मा, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् संजीवेश्वर प्रकाश त्यागी तथा मुक्तक सम्राट डा. ईश्वर चंद गंभीर प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं अमर शहीदों के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। इसके बाद जंग-ए-आजादी के अमर शहीदों और माछरा के महान पूर्वजों को श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने कहा कि गांवों की पहचान केवल उनकी भौगोलिक सीमा से नहीं, बल्कि उनके इतिहास, संस्कार और सामाजिक चेतना से होती है। माछरा सदियों से शिक्षा, सामाजिक समरसता, कृषि समृद्धि और राष्ट्रभक्ति की भूमि रहा है। मुख्य वक्ता डा. किरण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि 10 मई भारतीय इतिहास की एक महत्वपूर्ण तिथि है। इसी दिन क्रांति की वह चिंगारी भड़की थी, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। उन्होंने माछरा के इतिहास और उसके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास और पूर्वजों के संघर्ष से परिचित कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।




अध्यक्षीय संबोधन में जगतवीर सिंह ‘जगन्नाथ’ ने कहा कि मातृ दिवस केवल एक औपचारिक अवसर नहीं, बल्कि मां, मातृभूमि और मातृसंस्कृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का दिन है। उन्होंने कहा कि गांव की मिट्टी से जुड़ाव ही व्यक्ति को संस्कार और पहचान देता है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों-शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला, कृषि और युवा प्रतिभा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली दर्जनों हस्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया। समारोह का एक विशेष आकर्षण वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार मुक्तक सम्राट डा. ईश्वर चंद गंभीर की पुस्तक ‘बिन पानी सब सून’ का विमोचन रहा। वक्ताओं ने पुस्तक को सामाजिक चेतना और संवेदनाओं का सशक्त दस्तावेज बताते हुए लेखक के साहित्यिक योगदान की सराहना की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को भावनात्मक ऊंचाई प्रदान की। इप्टा से जुड़े कला वाटिका के कलाकारों ने धार्मिक एवं देशभक्ति से ओतप्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति गीतों, नृत्य-नाटिकाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।



वक्ताओं ने कहा कि माछरा केवल एक गांव नहीं, बल्कि संघर्ष, शिक्षा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम की जीवंत मिसाल है। गांव के पूर्वजों ने जिस विकास यात्रा की शुरूआत की थी, उसे आगे बढ़ाना नई पीढ़ी का दायित्व है। समारोह में गांव की एकता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक मूल्यों को सहेजने का भी आह्वान किया गया। कार्यक्रम संयोजक नरेश उपाध्याय ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, साहित्यकार, समाजसेवी, युवा, महिलाएं एवं विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव का वातावरण बना रहा।


                              
इन हस्तियों का हुआ सम्मान
डा. किरण सिंह, आनंद कुमार जौहरी, अवनीश त्यागी, संजीवेश्वर प्रकाश त्यागी, डा. ईश्वर चंद गंभीर, कर्नल ओंकार शर्मा, डा. जितेंद्र त्यागी, बनी सिंह चौहान, दिनेश उपाध्याय जानी, डा. राहुल त्यागी, दुलीचंद उपाध्याय, योगी जगशरण ‘सुलभ’, चंद्रशेखर मयूर, विभोर भारद्वाज, लाल सिंह त्यागी, प्राचार्य देवोत्तम त्यागी, सुरेंद्र कुमार, कमलेश चंद शर्मा, डा. गलेंद्र शर्मा, राकेश शर्मा, वीडी स्वामी, देवेंद्र चौधरी, डा. विजय उमराव, मनोज कौशिक, डा. सतीश शर्मा, अजय त्यागी, आनंद कुमार सैनी, पूनम त्यागी, सरोज दुबे, पूजा सैनी, शिवानी शर्मा, रेखा सैनी, धर्मपाल आर्य, हरीश वर्मा, प्रसेनजीत सिंह त्यागी, राजीव शर्मा आदि शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here