Breaking

Your Ads Here

Saturday, May 2, 2026

उत्तर प्रदेश कौशल विकास योजना केंद्र पर जबलपुर क्रूज हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि


अनमोल गर्ग
नित्य संदेश, भावनपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे देश को गहरे शोक में डाल दिया है। इस हृदयविदारक घटना में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में उत्तर प्रदेश कौशल विकास योजना के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण केंद्र, किला परीक्षितगढ़ (मेरठ) में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। 

थाना किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र के चितवाना गांव स्थित शताक्षी कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और स्टाफ ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभा के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है, जिसने कई परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में समाज को एकजुट होकर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए और उन्हें हर संभव सहयोग देना चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और प्रशिक्षुओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही सभी ने संकल्प लिया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। श्रद्धांजलि सभा का समापन शांतिपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां उपस्थित सभी लोगों ने नम आंखों से दिवंगतों को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here