Thursday, May 14, 2026

शिक्षा और तकनीक का संगम: भारत शिक्षा एक्सपो में एमआईईटी का नवाचार प्रदर्शन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित तीन दिवसीय भारत शिक्षा एक्सपो में एमआईईटी ने शिक्षा, तकनीक और नवाचार का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। एमआईईटी के पवेलियन पर 25 से अधिक शिक्षकों ने छात्रों के लिए रचनात्मक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ विजन से प्रेरित “क्रिएथॉन 2026” एक्सपो का मुख्य आकर्षण रहा। एक्सपो में आयोजित आइडियाथॉन, कोडथॉन, हैकाथॉन और स्टार्टथॉन प्रतियोगिताओं में लगभग 300 स्कूलों के 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। डिज़ाइन थिंकिंग, रोबोटिक्स, 3डी प्रोटोटाइपिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी आधारित कार्यशालाओं ने विद्यार्थियों को व्यवहारिक सीख दी। वहीं ड्रोन शो, रोबो रेस और रोबो वॉर जैसे कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने।

एमआईईटी के वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल ने कहा कि एक्सपो का उद्देश्य शिक्षा, तकनीक और नवाचार को एक मंच पर लाकर छात्रों को नई दिशा प्रदान करना है। इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. मुकेश रावत, डॉ. ललित सागर, डॉ. प्रशांत कुमार गुप्ता, रेहान अहमद, विजय कुमार शर्मा, अनुराग आरोन, विशि खत्री, अभिलाषा जैन का विशेष सहयोग रहा।

No comments:

Post a Comment