Saturday, May 16, 2026

नहर में डूबे युवक का शव बरामद, पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा


अर्जुन देशवाल 
नित्य संदेश, बहसूमा। बटावली नहर पुल पर डूबे शाहपुर निवासी व्यक्ति का शव पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शनिवार की सुबह बरामद कर लिया है। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेरठ भेज दिया है। 

थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार का कहना है कि मृतक व्यक्ति नशे की हालत में नहर पुल से नीचे गिरा था जिससे उसकी पानी में डूबने के कारण मौत हो गई है।बताते चले की शाहपुर गांव का रहने वाला विकास पुत्र शेर सिंह उम्र 26 वर्ष शुक्रवार की शाम शराब के नशे में बटावली नहर पर बने पुल की दीवार पर लेटा हुआ था। ग्रामीणों की मानें तो विकास शराब के नशे की हालत में अचानक से पानी में गिर पड़ा और नहर में डूब गया।नहर में नहा रहे युवको ने बताया कि जब तक उन्होंने पानी के अंदर छंलांग लगाकर उसे बाहर निकलने का प्रयास किया तब तक वह डूब चुका था। इसी बीच ग्रामीणों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। 

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविंद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से नहर में डूबे विकास को ढूंढने को काफी प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा अधिक होने के कारण गोताखोर डुबकी लगाने के बाद भी पानी के अंदर विकास को ढूंढने में असमर्थ नजर आ रहे थे जिस कारण पुलिस ने सुबह होने का इंतजार किया और सुबह सवेरे ही फिर से गोताखोरों और ग्रामीणों को विकास को ढूंढने के लिए नहर में उतार दिया। 

कुछ देर की मशक्कत के बाद विकास का शव पानी के अंदर मिल गया जिसके बाद पुलिस ने उसके शव की शिनाख्त कराने के बाद पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक विकास के घर में उसके छोटे भाई विशाल 23 वर्ष, आकाश 20 वर्ष व चेतन उम्र 17 वर्ष है तथा उनकी एक बड़ी बहन आरती भी है जिसकी शादी हो चुकी है। मृतक विकास की माता सुनीता देवी और उसके भाइयों का रो-रो कर बुरा हाल है। 

अचानक हुई इस घटना से समस्त परिवार सदमे में है तथा समस्त गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। मृतक विकास के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है इसलिए घर में वह सबसे बड़ा तथा जिम्मेदार था। ग्रामीणों की माने तो मृतक विकास ने नहर पर जाने से पहले शराब पी थी तथा अत्यधिक नशा होने के कारण वह नहर पुल की दीवार पर काफी देर से लेटा हुआ था। 

ग्रामीणों की माने तो नशे की हालत में ही वह नहर में गिर गया था जिस कारण उसकी मौत हुई हो गई।वहीं पोस्मार्टम के बाद शनिवार दोपहर बाद विकास का शव गांव पहुंचा। जिससे परिवार में कोहराम मच गया।वहीं देर शाम गांव में स्थित श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में विकास का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

No comments:

Post a Comment