नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ‘पूर्व छात्र मिलन–2026’ ने विश्वविद्यालय परिसर को पुरानी स्मृतियों और भविष्य के संकल्पों से सराबोर कर दिया। विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम ने न केवल पूर्व छात्रों को एक मंच पर लाया, बल्कि वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का एक नया अध्याय भी लिखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसने पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। परंपरा और आधुनिकता के समन्वय को दर्शाते हुए, शिक्षा एवं ललित कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अनोज राज ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने एलुमनाई सम्मेलन की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा "यह मंच केवल एक मिलन समारोह नहीं है, बल्कि यह वर्तमान विद्यार्थियों और हमारे सफल पूर्व छात्रों के बीच संवाद व अनुभवों के आदान-प्रदान का एक सशक्त सेतु है।" इस अवसर पर विभाग के सभी पूर्व छात्र-छात्राओं का विशेष अभिनंदन किया गया। उपस्थित पूर्व छात्रों ने अपने करियर की सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के अनुशासन और व्यावहारिक ज्ञान को दिया। उन्होंने गर्व से साझा किया कि कार्यस्थलों पर नियोक्ताओं द्वारा सुभारती के छात्रों की कार्यकुशलता और समर्पण की विशेष सराहना की जाती है।
शिक्षा संकाय के अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व छात्रों का अनुभव वर्तमान पीढ़ी के लिए दिशा-निर्देशक का कार्य करता है। इस गौरवशाली अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया।
वही मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने इस सफल आयोजन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा की "हमारे पूर्व छात्र सुभारती विश्वविद्यालय के असली ब्रांड एंबेसडर हैं। आपकी सफलता और कार्यक्षेत्र में आपकी ईमानदारी ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह 'पूर्व छात्र मिलन' एक ऐसे नेटवर्क का निर्माण करेगा जो आने वाले वर्षों में हमारे वर्तमान विद्यार्थियों को वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने में सहायक होगा। सभी पूर्व छात्रों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए मेरी अनंत शुभकामनाएँ।"
कार्यक्रम का संचालन शिक्षा विभाग की सहायक प्राध्यापिका, एलुमनाई प्रभारी एवं एलुमनाई ट्रस्ट की उपाध्यक्ष डॉ. रूबी द्वारा किया गया। आयोजन की सफलता का मुख्य श्रेय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज तथा एलुमनाई एसोसिएशन की अध्यक्ष प्रो. नूपुर कौशिक के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया । अंत में, धन्यवाद ज्ञापन के साथ इस स्मरणीय और ऊर्जावान कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसने विश्वविद्यालय और उसके पूर्व छात्रों के संबंधों को एक नई मजबूती प्रदान की।



No comments:
Post a Comment