नित्य संदेश ब्यूरो
आगरा। जनपद के थाना बसई जगनेर क्षेत्र अंतर्गत सोनी खेड़ा गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ शुक्रवार, 1 मई को महज खेत से तरबूज तोड़ने के विवाद में एक 14 वर्षीय हिंदू किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनी खेड़ा निवासी नरेश कुशवाहा का 14 वर्षीय पुत्र धन्ना उर्फ छोटू अपने ही परिवार के खेत पर गया था। बताया जा रहा है कि यह खेत पीड़ित परिवार ने दूसरे पक्ष को बटाई (लीज) पर दे रखा था। जब धन्ना खेत से तरबूज तोड़ने लगा, तो वहां मौजूद बटाईदारों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने किशोर पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया।
क्रूरता की सारी हदें पार
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने धन्ना के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि चाकू से उसके शरीर और चेहरे पर कई वार किए। मृतक के शव की स्थिति देखकर गांव वालों में भारी रोष है; परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने अत्यंत क्रूरता दिखाते हुए किशोर की आंख तक निकाल ली।
घटना की सूचना मिलते ही आगरा पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सोनी खेड़ा गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो मुख्य आरोपियों, रियाजुद्दीन और सिराजुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों खेत के बटाईदार सहयोगी बताए जा रहे हैं।
गांव में पसरा सन्नाटा, सुरक्षा सख्त
मासूम की हत्या के बाद ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है, हालांकि गांव में अभी भी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।


No comments:
Post a Comment