Breaking

Your Ads Here

Saturday, April 25, 2026

एकता रैली में चौधरी चरण सिंह पर लिखी पुस्तक का भव्य विमोचन, युवाओं को मिलेगी नई प्रेरणा

अनम शेरवानी 
नित्य संदेश, मेरठ। सिवालखास क्षेत्र के ईकड़ी गांव में आयोजित एकता रैली के दौरान राष्ट्रीय लोकदल के युवा लोकदल प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक कुमार बाफ़र द्वारा लिखित चौधरी चरण सिंह पर आधारित पुस्तक का भव्य विमोचन राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, किसान, युवा और क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

विवेक कुमार बाफ़र की यह तीसरी पुस्तक है, जिसमें उन्होंने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह के विचारों, सिद्धांतों और उनकी नीतियों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता को विस्तार से प्रस्तुत किया है। पुस्तक में विशेष रूप से यह बताया गया है कि चौधरी चरण सिंह की सोच आज भी किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत के विकास के लिए कितनी महत्वपूर्ण है।

इससे पूर्व विवेक कुमार बाफ़र की दो पुस्तकें मन माणिक और महापुरुषों पर नमन प्रकाशित हो चुकी हैं, जिन्हें पाठकों द्वारा सराहा गया। अपनी तीसरी पुस्तक में उन्होंने अपने पिता मास्टर चौधरी सत्यवीर सिंह के संस्मरणों और अनुभवों को भी समाहित करते हुए चौधरी चरण सिंह के जीवन, संघर्ष और विचारधारा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

पुस्तक विमोचन के दौरान केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि युवाओं का साहित्य, लेखन और अध्ययन की ओर आगे बढ़ना देश के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब युवा नई दिशा और विचारों की तलाश में हैं, ऐसे में इस प्रकार की पुस्तकें उन्हें प्रेरणा देने और सही मार्गदर्शन करने का कार्य करेंगी। उन्होंने विवेक कुमार बाफ़र के लेखन की सराहना करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह के विचारों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना एक महत्वपूर्ण कार्य है।

विवेक कुमार बाफ़र ने कहा कि उनकी यह पुस्तक केवल एक साहित्यिक कृति नहीं, बल्कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को समाज और विशेष रूप से युवाओं तक पहुंचाने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए चौधरी चरण सिंह के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उनके समय में थे।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पुस्तक के विमोचन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह का साहित्य समाज में जागरूकता और प्रेरणा का माध्यम बनता है। यह पुस्तक निश्चित रूप से युवाओं को नई सोच, प्रेरणा और समाज के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराएगी। 

इस अवसर पर सांसद राजकुमार सांगवान, विधायक गुलाम मोहम्मद, त्रिलोक त्यागी, सुनील रोहटा, अनिकेत भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here