Thursday, April 30, 2026

हज कमेटी ने फिर कर दिया 'खेला'!



- हज यात्रियों को 10 हजार रुपए अतिरिक्त जमा करने का फरमान 

सलीम सिद्दीकी

नित्य संदेश, मेरठ। इस वर्ष हज यात्रा पर जा रहे सभी हज यात्रियों के लिए हज कमेटी ने एक और फरमान जारी कर दिया है। इसे लेकर हज यात्री खासे परेशान हैं। मध्य पूर्व में चल रहे संकट से उत्पन्न परिस्थितियों का हवाला देते हुए अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने हज 2026 के लिए हवाई चार्टर उड़ानों के किराए में एक बार फिर संशोधन का अनुमोदन किया है। संशोधित किराए के अंतर्गत अब प्रत्येक हज यात्री को 100 अमेरिकी डॉलर की अतिरिक्त राशि जमा करनी होगी। 


हज कमेटी के अनुसार हज यात्री का प्रस्थान बिंदु कोई भी हो, लेकिन भुगतान सभी को करना होगा। हज कमेटी के अनुसार मध्य पूर्व में मौजूदा स्थिति के कारण विमानन टरबाइन ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि के मद्देनज एयरलाइंस द्वारा आधार किराए में 400 अमेरिकी डॉलर से अधिक की वृद्धि को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। कहा गया है कि हज 2026 के सभी तीर्थयात्रियों को 15 मई 2026 तक हवाई किराए के अंतर के लिए 10 हजार रूपए जमा करने होंगे। यह धनराशि क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए अदा की जा सकती है। इसके अलावा उक्त धनराशि जमा करने के लिए हज सुविधा ऐप पर ई-भुगतान की सुविधा भी दी है। 


जमीयत उलेमा ए हिंद के पूर्व प्रवक्ता हाजी शीराज रहमान ने बताया कि प्रत्येक कवर संख्या के लिए एच कॉल वेबसाइट पर उपलब्ध बैंक संदर्भ संख्या का उपयोग करते हुए, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की किसी भी शाखा में हज कमेटी ऑफ इंडिया के खाते में निर्दिष्ट भुगतान पर्ची जमा की जा सकती है। हज कमेटी के निर्देशों में यह भी उल्लेख है कि प्रत्येक लिफाफे के लिए प्रदान किया गया विशिष्ट बैंक संदर्भ क्रमांक जमा रसीद में अवश्य अंकित होना चाहिए। सेंट्रल हज कमेटी ने सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की हज समितियों से कहा है कि वह इस संबंध में संबंधित हज यात्रियों को तुरंत सूचित करें और आवश्यक राशि समय पर जमा करना सुनिश्चित करें।

No comments:

Post a Comment