नित्य संदेश ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के बागपत क्षेत्र के किसानों के लिए आज का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में संपन्न हुई कैबिनेट बैठक में दि किसान सहकारी चीनी मिल, बागपत के आधुनिकीकरण और विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इस ऐतिहासिक फैसले के तहत सरकार ने मिल की पेराई क्षमता को 2,500 टी.सी.डी. से बढ़ाकर 5,000 टी.सी.डी. (टन गन्ना प्रतिदिन) करने और अत्याधुनिक तकनीक से युक्त नई मिल की स्थापना को मंजूरी प्रदान कर दी है।
यह कदम न केवल गन्ना किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। मिल की क्षमता दोगुनी होने से किसानों को अपनी फसल की तुलाई के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और समय पर पेराई होने से उनकी उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित होगा। आधुनिक संयंत्रों की स्थापना से चीनी उत्पादन की गुणवत्ता और रिकवरी रेट में भी सुधार की उम्मीद है, जो उत्तर प्रदेश के चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

No comments:
Post a Comment