नित्य संदेश ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी बुढ़ाना में पैतृक आवास पर पहुंचे, बाद में तहसील कैंपस में अधिवक्ता के चैंबर में पहुंचकर कृषि भूमि खरीद संबंधी कागजों पर हस्ताक्षर किए
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता एवं मूल रूप से बुढ़ाना के निवासी नवाजुद्दीन सिद्दीकी गुरुवार के दिन अपने मंझले भाई फिल्म प्रोड्यूसर फैजुद्दीन सिद्दीकी के साथ बुढ़ाना के मौहल्ला काजीवाडा में स्थित अपने पैतृक आवास पर पहुंचे। नवाजुद्दीन सिद्दीकी के यहां पहुंचने की सूचना पर बुढ़ाना कस्बे में युवाओं में जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। अपने पैतृक आवास पर पहुंचकर नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनके भाई फिल्म प्रोड्यूसर फैजुद्दीन सिद्दीकी पहले अपनी अम्मी हज्जन मेहरुनिशां से मिले। उसके बाद नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने सगे भाईयों एडवोकेट अलमासुद्दीन सिद्दीकी और माजुद्दीन सिद्दीकी से मिलकर उनका हाल चाल लिया। अपने परिवारजनों से मिलने के बाद वे अपनी कार से सीधे बुढ़ाना तहसील में पहुंचे और अधिवक्ता प्रशांत शर्मा के चैम्बर में पहुंचकर उन्होंने एडवोकेट प्रशांत शर्मा और संदीप बालियान से बात की।
अधिवक्ता ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी से कुछ कृषि भूमि की खरीद संबंधी कागजात पर उनके हस्ताक्षर कराए। बताया जाता है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी लगभग पचास बीघा कृषि भूमि खरीदने के प्रयास में हैं, जिसमें से कुछ भूमि का बैनामा कराने के लिए उन्होंने जरूरी रजिस्ट्री बैनामा कागजों पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके बाद सभी कागजों की प्रक्रिया पूरी करने के बाद वे सीधे बुढ़ाना तहसील में सब रजिस्ट्रार के आफिस में जहां पर उन्होंने सब रजिस्ट्रार पंकज कुमार जैन के समक्ष बैठकर बैनामे की सारी प्रक्रिया पूरी कर काफी कागजों पर हस्ताक्षर किए।
इस दौरान मौके पर हजारों लोगों खासकर युवा वर्ग में नवाजुद्दीन सिद्दीकी का खासा क्रेज दिखाई दिया और अपने प्रिय अभिनेता को देखने के लिए वहां हरी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी अभी एक दो दिन यहां रहकर और जमीन संबंधी कागजी कार्रवाई को पूरा करेंगे।
No comments:
Post a Comment