नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय पर्यावरण समिति द्वारा विश्व जल दिवस के अवसर पर जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु एक भव्य रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ) प्रमोद कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने जल के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और इसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे समाज में जल बचाने के प्रति जागरूकता फैलाएं तथा स्वयं भी इसके संरक्षण को अपनी नैतिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जल संरक्षण विषय पर तैयार किए गए आकर्षक पोस्टर प्रदर्शित किए। कुलपति ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और ऐसे प्रयासों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय पर्यावरण समिति के अध्यक्ष प्रो. मुकेश रूहेला ने जल संरक्षण के सरल एवं प्रभावी उपाय साझा किए, जैसे जल का सीमित उपयोग, वर्षा जल संचयन तथा जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इन उपायों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं।
रैली में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और ह्लजल है तो कल हैह्व तथा ह्लजल बचाओ, जीवन बचाओह्व जैसे नारों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। रैली विश्वविद्यालय परिसर से होकर विभिन्न मार्गों से गुजरी और आमजन को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय पर्यावरण समिति के सभी सदस्य एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता के सशक्त संदेश के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment