नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सुभारती डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल के लोक दंत स्वास्थ्य विभाग द्वारा 20 मार्च 2026 को विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं निःशुल्क दंत शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा दंत रोगों से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा। इस अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर एवं मुलताननगर क्षेत्र में विशेष मौखिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दंत परीक्षण किया गया तथा आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क उपचार की सुविधा भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता व्याख्यान का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों को मौखिक स्वच्छता के महत्व, दांतों की सही देखभाल तथा विभिन्न दंत रोगों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, प्रतिभागियों को आईईसी (Information, Education & Communication) सामग्री का वितरण कर उन्हें जागरूक किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में प्रधानाचार्य डॉ. निखिल श्रीवास्तव, डॉ. संचित प्रधान, डॉ. मोनिश मुज्जल, डॉ. सपूर्ण पंडित एवं डॉ. राहुल शर्मा का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय प्रशासन के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसने समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान दिया।
No comments:
Post a Comment