Breaking

Your Ads Here

Friday, March 20, 2026

चांद का हुआ दीदार, हर्षोल्लास के साथ आज मनाई जाएगी ईद



-सड़क पर अदा नहीं होने दी जाएगी ईद की नमाज, प्रशासन ने कसी कमर

सलीम सिद्दीकी 
नित्य संदेश, मेरठ। मगरिब की नमाज़ के बाद ईद का चांद नजर आ गया। हालांकि, आसमान पर बादलों का डेरा था, लेकिन 30 रोज़े पूरे होने पर शहर काजी जैनुल सालिकीन ने शनिवार (आज) ईद का ऐलान कर दिया। ईद के चांद की सूचना देने के लिए मस्जिदों से सायरन बजाए गए।

दिल्ली रोड स्थित शाही ईदगाह में सुबह 8 बजे शहर काजी जैनुल सालिकीन ईद की नमाज़ अदा कराएंगे। ईद की नमाज को लेकर प्रशासन चौकन्ना है। ईदगाह व अन्य मस्जिदों के बाहर सड़क पर नमाज की अदायगी न हो, इसके लिए भी पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। ईदगाह क्षेत्र व आस-पास के इलाकों में प्रशासन ने लगभग तीन दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इसके अलावा पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहेगा। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, ईदगाह क्षेत्र में सीओ संतोष कुमार, सीओ प्रकाश अग्रवाल, सीओ सुचिता सिंह एवं सीओ अभिषेक तिवारी की देखरेख में 23 इंस्पेक्टर एवं 80 सब इंस्पेक्टर की तनाती की गई है। इसके अलावा ढाई सौ हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल को भी ईदगाह क्षेत्र में तैनात किया गया है। एसपी सिटी के अनुसार, दो कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स और पीएसी भी तैनात रहेगी।

नमाज़ का समय
शाही ईदगाह - 8 बजे, ईदगाह बाले मियां परिसर - 8:15 बजे, वक्फ मनसबिया रेलवे रोड - 8 बजे, फैज़ ए आम इंटर कॉलेज - 7:30 बजे, रशीदिया मस्जिद लिसाड़ी रोड - 7:30 बजे, ज़ुबैदा मस्जिद हापुड़ रोड - 7:30 बजे, मस्जिद एहल ए हदीस जाकिर कॉलोनी - 7:30 बजे।

शिया मुसलमान काली पट्टियां बांधकर करेंगे नमाज अदा
अमेरिका एवं इजरायल द्वारा ईरान पर हुए हमले में मारे गए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद शिया मुसलमानों ने फैसला किया है कि वह ईद सादगी के साथ मनाएंगे तथा नमाज के दौरान हाथों पर काली पट्टियां बांधेंगे। ऑल इंडिया शिया काउंसिल के प्रवक्ता मौलाना जलाल हैदर नकवी के अनुसार, चूंकि अभी तक सुप्रीम लीडर रहे आयतुल्लाह अली खामेनेई का अंतिम संस्कार नहीं हुआ है लिहाजा शिया मुसलमान ईद की नमाज के दौरान अपने हाथों पर काली पट्टियां बांधेंगे। मौलाना जलाल हैदर नकवी के अनुसार इस संबंध में तमाम बड़े उलेमा एवं धार्मिक संगठनों से वार्ता के बाद ही यह फैसला किया गया है।

फलावदा के शहर काजी ने पुलिस-प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
ईद उल फितर के अवसर पर विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में फलावदा के शहर काजी एवं जमीयत उलेमा ए हिंद के पूर्व महामंत्री मौलाना सलमान कासमी ने पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है की ईदगाह फलावदा के आसपास पानी के टैंकरों की व्यवस्था करवाई जाए ताकि नमाजी इस पानी से वजू कर सकें। ईद के तीनों दिन बिजली पानी की समुचित व्यवस्था की भी मांग की गई। ईद की नमाज से पूर्व मुस्लिम क्षेत्रों, मस्जिदों तथा ईदगाह के इर्द गिर्द सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी मांग की गई है।

ईदगाह पहुंचें एडीजी
एडीजी भानु भास्कर ने शाही ईदगाह का निरीक्षण किया। ईद-उल-फितर की नमाज को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत उन्होंने मौके पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सर्व सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here