Sunday, March 29, 2026

भोलेनाथ के डमरू की गूंज से शिवमय होगा मेरठ; 7 दिवसीय भगवान शिव कथा का भव्य आयोजन



उत्सव भारद्वाज 
नित्य संदेश, मेरठ। आस्था, अध्यात्म और संस्कृति का विराट संगम मेरठ की धरती पर साकार होने जा रहा है। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा 01 अप्रैल से 07 अप्रैल 2026 तक 7 दिवसीय भगवान शिव कथा का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आध्यात्मिक महोत्सव प्रतिदिन सायं 04:30 बजे से रात्रि 08:30 बजे तक गढ़ रोड स्थित बुद्धा गार्डन में आयोजित होगा, जहाँ श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होते नजर आएंगे।

इस महाआयोजन का शुभारंभ 31 मार्च 2026 को प्रात: 08:30 बजे नयी सड़क स्थित भोलेश्वर शिव मंदिर से एक भव्य कलश- यात्रा के साथ होगा। यह विशाल शोभायात्रा मेरठ के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी और पूरे शहर को शिवमय वातावरण में परिवर्तित कर देगी। सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता से यह यात्रा आस्था और उत्साह का अनुपम दृश्य प्रस्तुत करेगी।कथा व्यास के रूप मेंविश्व-विख्यात आध्यात्मिक प्रवक्ता डॉ.सर्वेश्वर जी इस अवसर पर मेरठ पधार रहे हैं, जो दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के संस्थापक - दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज के शिष्य हैं। 

अपनी ओजस्वी वाणी और गहन आध्यात्मिक ज्ञान के लिए प्रसिद्ध डॉ. सर्वेश्वर जी ने Indian Institute of Technology (IIT) Delhi से बायो-ऑर्गेनिक केमिस्ट्री में पी.एच.डी. की उपाधि प्राप्त की है, और अपने प्रेरणादायक प्रवचनों के माध्यम से देश-विदेश में असंख्य लोगों को शिव भक्ति की ओर अग्रसर किया है।इस दिव्य आयोजन में संस्थान के संत समाज द्वारा प्रस्तुत शिव भजन एवं अद्भुत कीर्तन वातावरण को भक्तिमय बना देगा। भक्ति, संगीत और आध्यात्म का यह अद्भुत संगम श्रद्धालुओं को एक दिव्य और अलौकिक अनुभव प्रदान करेगा, जहाँ हर हृदय शिवमय हो उठेगा।

इस आगामी आयोजन की जानकारी देने हेतु, संस्थान द्वारा 29 मार्च को कथा-स्थल पर प्रेस वार्ता आयोजित की गयी!संस्थान के प्रतिनिधि - स्वामी नरेशानंद जी ने बताया कि यह कथा संस्थान के सामाजिक प्रकल्प ‘कामधेनु’ को समर्पित है, जो देसी गायों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल है। इस कथा के माध्यम से न केवल गौ-संवर्धन का संदेश दिया जाएगा, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का भी आह्वान किया जाएगा।संस्थान की मेरठ शाखा की संयोजिका - साध्वी सुश्री आर्या भारती जी ने आयोजन की रूपरेखा, उद्देश्य, सामाजिक संदेश तथा कार्यक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए बताया कि यह कथा भगवान शिव द्वारा प्रदत्त गूढ़ आध्यात्मिक सूत्रों के माध्यम से श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक मार्ग को प्रशस्त करेगी।

विशेष बात यह है कि इस प्रकार का विराट और अद्वितीय भगवान शिव कथा आयोजन मेरठ में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन में दूर-दूर से हजारों श्रद्धालुओं और गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है, जिससे यह आयोजन शहर के आध्यात्मिक इतिहास में एक नई पहचान स्थापित करेगा।

No comments:

Post a Comment