Breaking

Your Ads Here

Wednesday, March 18, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में क्रिक गिरी चैंप्स ने छह विकेट से जीता मैच



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चाधान में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में बुधवार को पहला मैच क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा और साकेत रॉयल चैंप्स के बीच खेला गया। लीग के छठे मैच में क्रिक गिरी चैंप्स कंकरखेड़ा के कप्तान शिवम बंसल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। 

साकेत रॉयल चैंप्स के सलामी बल्लेबाज तुषार त्यागी और हरदीप सिंह ने पारी की शुरूआत की। मगर टीम को 23 रन पर ही पहला झटका लगा जब तुषार त्यागी (6गेंद पर 7 रन) अनुराग पोसवाल की गेंद पर कवर ड्राइव मारने का प्रयास करते हुए शिवम उज्जवल को कैच थमा बैठे। लेकिन सूर्यांश शर्मा और हरदीप ने टीम का स्कोर आगे बढ़ाना जारी रखा। मगर शिवम उज्जवल की गेंद पर हरदीप का कैच डीप कवर्स पर छूटा। अगली ही गेंद पर हरदीप ने चौका जड़कर, मिले जीवनदान का पूरा लाभ उठाया। पावर प्ले साकेत रॉयल चैंप्स के नाम रहा और टीम का स्कोर 6 ओवर में एक विकेट खोकर 67 रन तक पहुंच गया। 7वां ओवर फेंक रहे अभिषेक पुंडीर के ओवर में हरदीप सिंह ने चौका और छक्का जड़ दिया। इस ओवर में 15 रन आए। लेकिन आठवें ओवर की पहली गेंद पर छक्का मारने के बाद अगली ही गेंद पर सूर्यांश शर्मा गेंदबाज नमन की बॉल पर अभिषेक पुंडीर को कैच थमा बैठे। सूर्यांश शर्मा ने 13 गेंद पर 16 रन बनाए। 9 ओवर में 2 विकेट खोकर 99 रन बनाकर साकेत रॉयल चैंप्स एक बड़े स्कोर की ओर जाती दिख रही थी। शिवम उज्जवल की गेंद पर हरदीप सिंह को फिर से जीवनदान मिला और फील्डर ने चौका भी छोड़ दिया। लेकिन तीन बार जीवनदान मिलने बाद चौथी बार भाग्य ने हरदीप सिंह का साथ नहीं दिया और वह शिवम उज्जवल की गेंद पर शॉट मारने के प्रयास में प्वाईंट पर खड़े नमन को कैच थमा बैठे। हरदीप सिंह ने 34 गेंद पर 77 रन (7 चौके-6 छक्के) बनाए। इसके बाद आदित्य तेवतिया सात रन बनाकर नमन का शिकार बने और उनका कैच शिवम बंसल ने पकड़ा। तेज गेंदबाज सत्यम संघू की लहराती गेंद को समझने में अधिराज सिंह नाकाम रहे और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेते हुए विकेटकीपर अक्षय दूबे के दस्तानों में समा गयी। फील्डरों द्वारा कैच छोड़ने से संकट में आयी क्रिक गिरी चैंप्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच में वापसी की।

अक्षय धवन की एक घुमती गेंद पर शिवेन मल्होत्रा के खिलाफ एलबीडब्लू की अपील हुई जिसे फील्ड अंपायर ने आउट करार दिया। लेकिन बैट्समैन ने डीआरएस की मांग की और निर्णय थर्ड अंपायर पर पहुंच गया जिन्होंने शिवेन (1 रन) को आउट का निर्णय दिया। कप्तान समीर चौधरी ने बड़े शॉट मारना जारी रखा। मगर शिवम उज्जवल की गेंद पर समीर चौधरी ने सामने शॉट खेला और गेंद शिवम की अंगुलियों को छूती हुई दूसरे छोर के विकेट से जा टकराई। थर्ड अंपायर ने समीर चौधरी को आउट करार दिया जिन्होंने 23 गेंद पर 28 रन बनाए। यश (17 गेंद पर 23 रन) और मनी जिंदल (10 गेंद पर 13 रन) की साझेदारी की बदौलत साकेत रॉयल चैंप्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 180 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना दिया। क्रिक गिरी चैंप्स के गेंदबाज नमन ने दो, अनुराग पोसवाल, शिवम उज्जवल, अक्षय धवन और सत्यम संघु ने एक-एक विकेट लिया। 

181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे क्रिक गिरी चैंप्स के सलामी बल्लेबाज के रूप में कप्तान शिवम बंसल और अक्षय दुबे ने पारी की शुरुआत की। यश पंवार के पहले ओवर में मात्र चार रन आए। 22 रन पर पहला विकेट गिरा और कप्तान शिवम बंसल 16 रन बनाकर समीर चौधरी के हाथों रन आउट हो गए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए विहान जट राणा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करनी शुरू कर दी। पावर प्ले में क्रिक गिरी चैंप्स ने एक विकेट के नुकसान पर 70 रन बनाए। अश्विन की गेंद पर स्विप शॉट मारने गए अक्षय दुबे का कैच छूटा और उन्हें जीवनदान मिला जिसका उन्होंने पूरा लाभ उठाया। शानदार छक्के के साथ विहान जट राणा ने 17 गेंद पर 54 रन बनाकर आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में अब तक का सबसे तेज अर्धशतक बनाया। विहान जट राणा और अक्षय दुबे ने चौतरफा प्रहार करते हुए मैच को एकतरफा बना दिया। तेजी के साथ शतक की ओर बढ़ रहे विहान जट राणा की पारी को अश्वनी ने एक शानदार गेंद पर विकेटकीपर हरदीप सिंह के हाथों कैच करा कर समाप्त कर दिया। विहान जट राणा ने 9 छक्के और 5 चौके मार कर 36 गेंद पर 91 रन बनाए। इसके बाद सत्यम संघु भी 7 रन बनाकर शुभम मावी का शिकार बने। लेकिन रितिक वत्स ने 13 गेंद पर नाबाद 28 रन बनाकर क्रिक गिरी चैंप्स को छह विकेट से जीत दिला दी। सुशांत एक रन बनाकर नाबाद लौटे। साकेत रॉयल चैंप्स के गेंदबाज यश, शुभम मावी, अश्वनी ने एक-एक विकेट लिया। 

एसडीएम सत्यप्रकाश जी ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार विहान जट राणा ( क्रिक गिरी चैंप्स) को दिया। बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच समीर चौधरी (साकेत रॉयल चैंप्स) को आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता ने पुरस्कृत किया।

*इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड*
मैन ऑफ द मैच - विहान जट राणा ( क्रिक गिरी चैंप्स)
मोस्ट सिक्सर ऑफ द मैच- विहान जट राणा ( क्रिक गिरी चैंप्स)
बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच - समीर चौधरी (साकेत रॉयल चैंप्स) 
इकनोमिकल बॉलर ऑफ द मैच - यश पंवार (साकेत रॉयल चैंप्स)
बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द मैच - विहान जट राणा ( क्रिक गिरी चैंप्स)
फाइटर ऑफ द मैच - हरदीप सिंह (साकेत रॉयल चैंप्स)

गुरुवार को लीग का पहला मैच दोपहर दो बजे से बीबीसी एलाइट और मेरठ कैंट कमांडोज के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच शाम छह बजे से क्रिक गिरी चैंप्स और मेरठ साउथ वारियर्स के बीच होगा। मैच का लाइव प्रसारण आईआईएमटी यूनिवर्सिटी मेरठ के यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है। जिसका लिंक https://www.youtube.com/@IIMTUNIVERSITYMEERUT है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here