Breaking

Your Ads Here

Friday, March 13, 2026

भारतीय क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार करेंगे आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग का शुभारंभ


- लीग के एंबेसडर स्विंग किंग भुवनेश्वर कुमार खिलाड़ियों को करेंगे प्रोत्साहित

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चाधान में आयोजित होने जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग का शुभारंभ 15 मार्च को भारतीय क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार करेंगे, आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर शाम पांच बजे शुरू होने जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार लीग के एंबेसडर के रूप में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेंगे।

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ मयंक अग्रवाल ने बताया की आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर स्विंग के बादशाह कहलाने वाले भुवनेश्वर कुमार आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग का शुभारंभ करेंगे। भारतीय क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार का आईआईएमटी परिसर में आगमन निश्चित ही खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा।
 
आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर लगभग 1200 दर्शक मैच का आनंद उठा सकते हैं। लीग में खेले जा रहे मैचों का स्काई स्पोर्ट्स सहित कई प्लेटफार्म पर लाइव टेलीकास्ट भी किया जाएगा जिससे बड़ी संख्या में लोग घर बैठे ही लीग के मैच का आनंद ले सकेंगे। मेरठ के क्रिकेट प्रेमी अधिक से अधिक संख्या में आकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और ‘आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग’ को सफल बनाने में सहयोग दें। 

मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के डायरेक्टर संजय रस्तोगी ने बताया कि ‘आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग’ के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लीग के लिए मैदान, खिलाड़ियों की व्यवस्था, अंपायरिंग और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। आईआईएमटी टी-20 लीग में बीसीसीआई और यूपीसीए के अनुभवी विशेषज्ञ बतौर ऑफिशियल मैच का सफल आयोजन कराएंगे। बीसीसीआई के अनुराग राठौर, यूपीसीए ग्रेड-ए अंपायर सतीश पांडे आयुष वत्स और देवेश शर्मा मैचों का नियमानुसार संचालन करेंगे। 

वहीं अनुभवी स्कोरर यूपीसीए के प्रणब दास, यूपीसीए अंपायर पलक शर्मा और आनलाइन स्कोरर, एसीएलओ व बीसीसीआई स्कोरर अनिरुद्ध प्रताप सिंह हर गेंद का रिकार्ड रखेंगे। लीग के नियमानुसार फ्रेंचाइजी टीमें कुल 15 खिलाड़ियों का स्क्वाड तैयार करने के बाद भी पांच अतिरिक्त खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया हैं। इनमें तीन खिलाड़ी मेरठ जिले से और दो खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से हैं। 

लीग सचिव सुरेन्द्र चौहान जी ने बताया की 15 मार्च को लीग का उद्घाटन मैच शाम 6 बजे से शुभम स्मैशर्स और क्रिक गिरी चैंप्स के बीच खेला जाएगा। वहीं 30 और 31 मार्च को क्वालिफायर और एलिमिनेटर मैच खेले जाएंगे। 1 अप्रैल को लीग का फाइनल मुकाबला होगा। लीग में प्रतिभाग कर रहीं आठ टीमों क्रिक गिरी चैंप, मेरठ कैंट कमांडोज, मेरठ सिविल लाइंस हीरोज, साकेत रॉयल चैंप्स, शुभम स्मैशर्स माल रोड, मेरठ साउथ वॉरियर्स, व्हाइट डॉट्स शास्त्रीनगर और बीबीसी एलीट गंगानगर मेवरिक्स के बीच कुल 32 मुकाबले खेले जाएंगे जिनमें 28 लीग मैच, दो क्वालिफायर मैच और एक एलिमिनेटर मैच और एक फाइनल मैच होगा। 

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में कुल खेले जा रहे 32 मैचों में से 18 मुकाबले शाम 6 बजे से प्रारंभ होंगे। इन मैचों को आईआईएमटी क्रिकेट मैदान पर लगी कृत्रिम लाइटों की दूधिया रोशनी में खेला जाएगा। वहीं 14 मुकाबले दोपहर दो बजे से खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला भी शाम 6 बजे से खेला जाएगा। 

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के कोषाध्यक्ष राकेश गोयल ने कहा की लीग के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। लीग के मैचों को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है। आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के माध्यम से जहां खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा वहीं खेलों के लिए जाने जाते मेरठ को नयी पहचान मिलेगी।
आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर उदित गौड ने बताया की आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के 65 मीटर की बाउंड्री वाले हरे-भरे मैदान पर पांच पिच बनाई गई हैं। टाप ड्रेसिंग तकनीक से बनाई गयी यह पिचें बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनो के लिए सहायक होगी। 

मेरठ टी-20 लीग के नाम से एक इंस्टाग्राम अकाउंट भी बनाया है, जहां दर्शक लीग से जुड़े अपडेट देख सकते हैं। जल्द ही मैचों के लाइव प्रसारण के लिंक भी साझा किए जाएंगे। क्रिकेट स्पिनर के नाम से इंस्टाग्राम पर अपनी खास पहचान बना चुके क्षितिज खुराना सहित विभिन्न इन्फ्लुएंसर्स लीग का प्रचार-प्रसार करेंगे।

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया की आईआईएमटी विश्वविद्यालय परिसर स्थित आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के मैदान और पिच लीग आयोजन के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। लीग देखने आने वाले दर्शकों का प्रवेश गेट-5 से होगा। लीग में प्रतिभाग कर रहीं आठ फ्रेंचाइजी टीम और उनका सहयोगी स्टाफ भी उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। अतिथियों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है। अर्न्तरराष्ट्रीय स्तर और आईपीएल में नाम कमा रहे अनेक खिलाड़ी लीग में शानदार प्रदर्शन कर मैचों को रोमांच से परिपूर्ण करेंगे। 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here