Friday, March 13, 2026

सुभारती लॉ कॉलेज में आपराधिक विधि पर आधारित 16 वीं मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सरदार पटेल सुभारती इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ, स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय में आपराधिक विधि पर आधारित तीन दिवसीय 16वीं मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 

प्रतियोगिता का आयोजन सुभारती लॉ कॉलेज के निदेशक राजेश चंद्र (पूर्व न्यायमूर्ति, इलाहाबाद उच्च न्यायालय, प्रयागराज) के निर्देशन में तथा प्रो. (डॉ.) रीना बिश्नोई, संकायाध्यक्षा एवं प्रधानाचार्या के संरक्षण में संपन्न हुआ। मूट कोर्ट प्रतियोगिता की शिक्षक समन्वयक डॉ. आफरीन अलमास तथा छात्र समन्वयक ओम ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में 22 टीमों के 44 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। प्रारंभिक तथा सेमीफाइनल राउंड में प्रतिभागियों का मूल्यांकन करने के लिए निर्णायक मंडल में संस्थान के पुरातन छात्र-छात्राएं अमन बंसल, आकांक्षा राय, आकांक्षा चौधरी, तनु प्रिया, सृष्टि, ऋषभ, हर्ष यादव, मानसी और शिखा उपाध्याय शामिल रहे। प्रतियोगिता के दौरान निर्णायकों ने प्रतिभागियों से भारतीय न्याय संहिता, किशोर न्याय अधिनियम 2015 तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम 2012 से संबंधित प्रश्न पूछे। प्रतिभागियों ने अर्नेश कुमार बनाम बिहार राज्य और विशाखा बनाम राजस्थान राज्य जैसे महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों का हवाला देते हुए अपने पक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। साथ ही प्रतिभागियों ने शक्ति पृथक्करण के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि न्यायपालिका का कार्य विधायिका द्वारा बनाए गए कानूनों की व्याख्या करना है, न कि उनमें नए प्रावधान जोड़ना।

प्रारंभिक राउंड से ईशा त्यागी व दिया सिंह, इशिका चौहान व राचिका सिंह, आयुष आनंद व प्रेरणा मिश्रा तथा सुमन यादव व देवांश सागर की टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं। सेमीफाइनल राउंड के बाद ईशा त्यागी व दिया सिंह तथा इशिका चौहान व राचिका सिंह ने फाइनल में स्थान बनाया। फाइनल राउंड की सुनवाई के लिए निर्णायक मंडल में अनुराग चौधरी और पार्थ मल्होत्रा शामिल रहे। उन्होंने प्रतिभागियों से भारतीय न्याय संहिता तथा संवैधानिक विधि से जुड़े विभिन्न प्रावधानों पर प्रश्न किए। उत्कृष्ट प्रस्तुति, तर्कशक्ति और प्रभावी बहस के आधार पर ईशा त्यागी और दिया सिंह की टीम को सर्वश्रेष्ठ टीम घोषित किया गया। इस मूट कोर्ट प्रतियोगिता के सफल आयोजन में ओम ठाकुर, सृष्टि, लवी, सना श्री, चेतन, सादिका बंसल तथा जॉर्ज सहित अनेक छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

No comments:

Post a Comment