Breaking

Your Ads Here

Monday, October 20, 2025

टेंपो मध्य गंगनहर में गिरा, 50 वर्षीय व्यक्ति की हुई मौत


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। हस्तिनापुर में देर रात्रि एक टेंपो मध्य गंगा नहर में गिर गया। इस हादसे में माखननगर निवासी 50 वर्षीय अनिल कुमार की मौत हो गई। राहगीरों ने नहर में टेंपो गिरा देखा और तुरंत हस्तिनापुर पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया। हालांकि, थाने का फोन नंबर बंद मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह नंबर दोपहर से ही निष्क्रिय था, जिसके कारण पुलिस को घटना की जानकारी समय पर नहीं मिल पाई।

ग्रामीणों और स्थानीय मीडिया की मदद से अनिल कुमार को टेंपो से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस हेल्पलाइन नंबर सक्रिय होता, तो अनिल कुमार की जान बच सकती थी। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय टेंपो में कितने लोग सवार थे। खबर लिखे जाने तक टेंपो नहर में डूबा हुआ था और गोताखोरों की टीम तलाशी अभियान चला रही थी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि थानों के संपर्क नंबर हर समय सक्रिय रखे जाएं, ताकि आपातकालीन स्थितियों में तुरंत सहायता मिल सके। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here