Thursday, July 3, 2025

मेरठ में होगी गायनिक विशेषज्ञों की राष्ट्रीय वार्षिक कॉन्फ्रेंस, 300 से अधिक डॉक्टर होंगे शामिल


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। मेरठ आब्स एवं गायनिक सोसाइटी द्वारा आगामी शुक्रवार और शनिवार को दो दिवसीय वार्षिक कॉन्फ्रेंस का आयोजन भव्य रूप से गढ़ रोड़ पर स्थित होटल हार्मनी में किया जा रहा है। यह सम्मेलन नारी स्वास्थ्य को समर्पित रहेगा, जिसकी थीम है – “सम्पूर्ण स्वस्थ नारी: टर्निंग ड्रीम्स टू रियलिटी”।

कॉन्फ्रेंस की चीफ एडवाइजर पद्मश्री डॉ. ऊषा शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में देश भर से करीब 300 प्रसिद्ध गायनिक डॉक्टर भाग लेंगे और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न गंभीर विषयों पर विचार-विमर्श व अनुभवों का आदान-प्रदान करेंगे। इस कॉन्फ्रेंस की ओर्गनाइजिंग चेयरपर्सन डॉ. भारती माहेश्वरी हैं, जबकि ओर्गनाइजिंग सेक्रेट्री डॉ. प्रियंका गर्ग इस आयोजन को सफल बनाने में प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। उनके साथ को-ऑर्गनाइजिंग सेक्रेट्री डॉ. अर्चना गोयल एवं डॉ. इषा खानूजा भी आयोजन समिति में सक्रिय रूप से योगदान दे रही हैं।

कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय स्तर की जानी-मानी स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं फॉग्सी की प्रेसिडेंट डॉ. सुनीता तंडुलवाडकर (मुंबई) बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी और अपना बहुमूल्य अनुभव साझा करेंगी। वहीं गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा (आगरा), डॉ. जयदीप मल्होत्रा (आगरा), डॉ. सुवर्णा खादेलकर (मुंबई) सम्मेलन को गौरवान्वित करेंगे। विशेष अतिथि डॉ. पी. के. शाह भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। कॉन्फ्रेंस के दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञों के लिए चार अत्याधुनिक कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें आईवीएफ, पी.पी.एच., लेप्रोस्कोपी, कॉस्मेटिक गायनेकोलॉजी, शामिल हैं। इन कार्यशालाओं के माध्यम से डॉक्टर नवीनतम तकनीकों और विधियों से अवगत होंगे, जो उनके पेशेवर कौशल को और सशक्त बनाएगा। 

यह सम्मेलन मेरठ शहर के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है, जिसमें न केवल मेरठ बल्कि आस-पास के जनपदों के चिकित्सक भी भाग लेंगे और इसका भरपूर लाभ उठाएंगे। डॉ प्रियंका गर्ग ने बताया कि गायनिक सोसाइटी का यह प्रयास निश्चित रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य की दिशा में एक सशक्त और सकारात्मक कदम साबित होगा।

No comments:

Post a Comment