Saturday, June 21, 2025

योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह आंतरिक शांति और आत्मबोध की एक सशक्त प्रक्रिया: जयंत चौधरी

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार सुबह सरधना के ऐतिहासिक चर्च के प्रांगण में एक भव्य योग समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने सैकड़ों स्कूली बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के साथ योगाभ्यास किया।
   
विश्व योग दिवस पर रोमन कैथोलिक चर्च सरधना में केंद्र सरकार के निर्देशन पर भारतीय पुरातत्व विभाग ने इस योग समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जयंत चौधरी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। चर्च प्रशासन और स्थानीय नागरिकों की ओर से फादर वेलेरिया पिंटू, दीपक शर्मा, ऐनुद्दीन शाह और पंकज जैन ने शाल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। संचालन अंतिमा चौधरी और दीपक शर्मा ने किया। इस अवसर पर एक बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में आंध्र प्रदेश से सीधा प्रसारण भी सुना गया।
अपने संबोधन में जयंत चौधरी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह आंतरिक शांति और आत्मबोध की एक सशक्त प्रक्रिया है। यह मन को स्थिर कर चेतना की गहराइयों तक पहुंचने का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि आज योग दुनिया के करोड़ों लोगों की दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बन चुका है और भारतीय जीवन शैली को वैश्विक मंच पर गौरव प्रदान कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में योग को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे अभूतपूर्व प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भाग ले रहे हैं। जयंत चौधरी ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करें और एक स्वस्थ, जागरूक एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।
   
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुनील रोहटा, पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, संगीता दोहरे, राजीव बालियान, आतिर रिज़वी, नरेंद्र खजूरी, ऐनुद्दीन शाह, संजय पनवाड़ी, प्रतीक जैन, अनिकेत भारद्वाज, प्रमुख विश्वास चौधरी, हाजी सोहराब ग्यास, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक कृष्ण कुमार, सह नोडल अधिकारी जावेद अख्तर, एडीएम बलराम सिंह, प्रशासनिक अधिकारी सत्य प्रकाश, उप जिलाधिकारी दीक्षा जोशी, पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय जायसवाल, इंस्पेक्टर प्रताप सिंह, फादर वलेरियन पिंटो, सिस्टर मीना नायडू, समर कुरैशी, पंकज जैन, बार अध्यक्ष विक्रम त्यागी सहित संत जोसेफ इंटर कॉलेज और संत चार्ल्स कॉलेज के छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment