Saturday, June 21, 2025

तन और मन को ठीक रखने के लिए योग बहुत आवश्यक: धर्मपाल सिंह

 


-मेरठ कालेज मेरठ के प्रांगण में देखा गया प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। ग्यारहवें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का शनिवार को भव्य आयोजन आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के द्वारा मेरठ कॉलेज मेरठ के प्रांगण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन विभाग उत्तर प्रदेश/प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह द्वारा किया गया।


कार्यक्रम में लगभग 1150 योगाभ्यासियों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों के द्वारा योग कराया गया। कार्यक्रम में आए जनप्रतिनिधियों, नोडल अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं जनमानस ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम की मुख्य थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य रही। योग को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, नोडल अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारियों, योग प्रशिक्षक, सहायक, छात्र-छात्राओं तथा जनमानस द्वारा बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। 



मंत्री ने कहा कि योग से ही तन व मन स्वस्थ होता है, तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए योग बहुत आवश्यक है। आज सम्पूर्ण विश्व योग दिवस को पूरे उत्साह के साथ मना रहा है। प्रदेश सहित देश के कोने-कोने में योग दिवस के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। योग को वैश्विक स्वीकृति मिलना हम सभी भारतवासियों के लिए गौरवान्वित करने वाला है। योग हमारी भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता की धरोहर है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए। उन्होंने कहा कि करेंगे योग तो रहेंगे निरोग।


इस अवसर पर सांसद अरुण गोविल, विधायक अमित अग्रवाल, धर्मेन्द्र भारद्वाज एमएलसी, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, अश्वनी त्यागी सदस्य विधान परिषद, गौरव चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष, विवेक रस्तौगी महानगर अध्यक्ष, अमित कुमार घोष, प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन, उप्र शासन/नोडल अधिकारी, जिलाधिकारी डा. वीके सिंह, एसएसपी विपिन ताडा, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, जनपदीय अधिकारी, योग प्रशिक्षक, सहायक, छात्र-छात्राएं, आमजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment