नित्य संदेश एजेंसी
मेरठ। रविवार दोपहर एक युवक ने खुद को गोली मार ली। वह गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। उससे कहा, तूने मेरे साथ गेम खोला है। इसके बाद जेब से तमंचा निकाला और कमर से सटाकर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे। वह फर्श पर खून से लथपथ बेहोश पड़ा था। परिजन उसे लेकर अस्पताल गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि पेट में गोली फंसी हुई है। पुलिस का कहना है कि युवक के होश में आने पर ही असली वजह पता चल सकेगी। घटना छोटा मवाना की है।
छोटा मवाना में गुलजार (25) उर्फ राजू रहता है। गुलजार 8 भाइयों में सबसे बड़ा है। गुलजार के 8 साल का बेटा अजीम और 6 साल की बेटी इरम है। 9 साल पहले गुलजार की शादी नईमा के साथ हुई थी। गुलजार रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे अपने कमरे में था, तभी अचानक फायरिंग की आवाज आई। परिजन दौड़े, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। गुलजार के छोटे भाई सादिक ने लात मारकर दरवाजा तोड़ा। उसको अप्सनोवा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। गुलजार की पत्नी नईमा ने बताया, मेरे पति का किसी महिला से पिछले दो-तीन साल से अफेयर चल रहा है। हमने और मेरे घरवालों ने उस लड़की को और मेरे पति को कई बार समझाया। लेकिन, पता नहीं इनके बीच क्या चल रहा है। पिछले 2 दिनों से मेरे पति लापता भी थे। वो शनिवार रात ही घर वापस आए हैं। वो कहां थे हमें कुछ नहीं पता। घर के सभी लोगों ने पूछा लेकिन कुछ नहीं बताया। जब ये वापस लौटे तो चुप और गुमसुम थे। सुबह हमारी बात भी हुई, इन्होंने मुझसे खाना बनवाया। इसके बाद कमरे में जाकर लेट गए। इसके बाद इन्होंने मुझे फोन लेकर कमरे में बुलाया। फोन ले लिया और फिर मुझे बाहर कर दिया। कमरे में अंदर से कुंडी लगा ली।
महिला से कह रहे थे- तूने खेला मेरे साथ
नईमा ने बताया- पति ने उस महिला को फोन लगाया और उससे कहा कि तूने मेरे साथ गेम खेला है। ये उस महिला से लगातार बात करते जा रहे थे। वो महिला शादीशुदा है। उसके पति का नाम सानू है। महिला खतौली के नंगला पनवाड़ा की रहने वाली है। बस इतना कहा कि तू गेम खेल रही है और खुद को गोली मार ली। मेरे पति और मेरे बीच कोई झगड़ा नहीं है। दो दिन पहले भी मेरे पति ने सभी से यही कहा कि अगर मुझे कुछ होता है या मैं मर जाता हूं तो मेरी मौत की जिम्मेदारी सानू की पत्नी होगी। मैं चाहती हूं मेरे पति भी सही हो जाएं और उस महिला को उसके किए की सजा मिले। जिसकी वजह से मेरे पति ने जान देने की कोशिश की है।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया- युवक किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। इसी दौरान उसने खुद को गोली मार ली। सूचना पर पुलिस पहुंची है। मामले की जांच कर रही है। युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment