Thursday, May 22, 2025

देश भक्ति के गीतों संग निकली भव्य तिरंगा यात्रा


प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा हुई और अधिक सुदृढ़: डॉ. सोमेंद्र तोमर

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी, मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की ओर से ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में गुरुवार को एक भव्य शौर्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में देशभक्ति गीतों की गूंज के साथ तिरंगा लहराते हुए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 

इस यात्रा का नेतृत्व उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर द्वारा किया गया। यात्रा का शुभारंभ शिव शक्ति विहार गेट, गढ़ रोड से हुआ जो शिव मंदिर विहार, जय भीम नगर होते हुए अंबेडकर भवन पर आकर समाप्त हुई। यात्रा के समापन पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 
इस अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंच पर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका है। हमारी सैन्य शक्ति पहले से अधिक संगठित, आधुनिक और जवाबदेह हुई है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने हमारे शौर्य और संकल्प का परिचय दुनिया को दिया है। हमें अपनी सेना पर गर्व है, और हम सदैव उनके साथ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि यह हमारे देश की आत्मा, स्वतंत्रता और बलिदान की पहचान है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसके सम्मान और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहे। वही मेरठ दक्षिण विधानसभा संयोजक राहुल गुप्ता ने कहा यह तिरंगा यात्रा केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि यह हर देशवासी की ओर से भारतीय सेना के प्रति समर्थन और सम्मान का प्रतीक है।
इस यात्रा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह संदेश दिया कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में लगे हर जवान के साथ पूरा देश खड़ा है, और भारत की एकता व अखंडता के लिए सभी नागरिक एकजुट हैं। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं ने भी यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि मेरठ जैसे ऐतिहासिक नगर की धड़कनों में आज भी राष्ट्रप्रेम जीवित है।

इस दौरान विधानसभा संयोजक राहुल गुप्ता, विधानसभा सह-संयोजक हर्षित गोयल, अजय भारती, मण्डल अध्यक्ष ललित मोरल, नरेश विश्वकर्मा, वरूण कुमार, आदित्य शर्मा चीनू, नवीन नेहरा, हरिओम अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य गुड्डू गगोल, विपिन भड़ाना, भाजपा पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष आयुष चपराना, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोहन गुर्जर किनौनी, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अंकुर कुशवाहा, भाजपा महानगर महामंत्री महेश बाली, वकुल चपराना आदि मौजूद रहें।

No comments:

Post a Comment