Sunday, April 13, 2025

आम के बाग में मिले महिला के शव की शिनाख्त नहीं, पुलिस कर रही खानापूरी

 


शाहिद खान

नित्य संदेश, मेरठ। भावनपुर के गेसुपुर दतावली में आम के बाग में महिला की हत्या कर शव दबा दिया जाता है। शव मिलने के 48 घंटे बाद भी पुलिस पहचान करने में नाकाम साबित हो रही है, जबकि महिला के कपड़े और आभूषण उसके शरीर पर मिले हैं। पुलिस सिर्फ खानापूरी करते हुए सभी थानों में गुमशुदगी की पड़ताल कर रही है। इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि दो कांस्टेबल लगाकर आस-पास के क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों से संपर्क कर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है

बतादे कि गेसुपुर दतावली निवासी नीरज शर्मा का गांव के बाहरी छोर पर आम का बाग है। मनोज इसकी रखवाली करता है। शुक्रवार को जब वह बाग में चक्कर लगा रहा था तो देखा कि जंगली जानवर गड्ढे में दबे एक शव का आधा हिस्सा निकालकर नोच रहे थे। उसने मामले की जानकारी नीरज शर्मा को दी। नीरज ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस और फोरेंसिक टीम को साथ लेकर एसपी देहात डा. राकेश मिश्रा मौके पर पहुंचे। शव आधा जमीन से बाहर निकला हुआ था। महिला के शरीर पर हल्के हरे रंग का सूट था। हाथ में कलावा बंधा था। पैरों में बिछुए और पाजेब थी। लाल चुड़ी पहने हुए थी। महिला के हाथ और पैर पीले कपड़े से बंधे थे। माना जा रहा है कि हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर बाग में लाया गया और यहां गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। 48 घंटे बीत जाने के बाद पुलिस अभी तक महिला की पहचान तक नहीं कर पाई है, जबकि महिला के सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है। एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस की टीम लगाकर महिला की पहचान और हत्यारोपितों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

No comments:

Post a Comment