Thursday, April 3, 2025

'आपका अपना घर' पहुंचकर छात्राओं ने जाना वृद्धों का दर्द

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शहीद मंगल पाण्डेय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय माधवपुरम की रेंजर लीडर प्रो. अनुजा गर्ग के निर्देशन में वृद्धों के सम्मान एवं सहयोग भावना को प्रोत्साहित करने हेतु क्रांति रेंजर्स टीम ने 'आपका अपना घर' वृद्धाश्रम साईं पुरम में जाकर सेवा का कार्य किया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्ध आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की सेवा करना और उनके जीवन में खुशियों का संचार करना था। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. अंजू सिंह ने कहा, "हमारा उद्देश्य छात्राओं को सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व को समझाना और उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित करना है। हमें उम्मीद है कि यह कार्यक्रम छात्राओं को सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करेगा।" कार्यक्रम के दौरान, छात्राओं ने आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया, उनके साथ बातचीत की और उनकी जरूरतों को समझने का प्रयास किया। आश्रम के वृद्धजनों ने अपने जीवन की दास्तान सुनाई तो छात्राओं की आँखो से आँसू निकल पड़े। रेंजर लीडर डॉक्टर अनुजा गर्ग ने रेंजर्स को भविष्य में अपने समस्त वृद्धजनों तथा ससुराल पक्ष में विशेष रूप से अपने सास-ससुर की सेवा करने एवं उनका सम्मान करने का संकल्प दिलाया। रेंजर प्रभारी प्रोफेसर अनुजा गर्ग एवं प्रोफ़ेसर गीता चौधरी ने वृद्धजनों को फल एवं खाद्य सामग्री वितरित की तथा वृद्धाश्रम को आर्थिक सहायता भी प्रदान की। सेवा कार्य में रेंजर्स प्रियंका, सपना, आंचल, पूजा बिष्ट, आंचल रानी, आस्था कर्दम, यशिका, पिंकी, कुमकुम, काजल आदि छात्राओं का सहयोग प्रशंसनीय रहा।

No comments:

Post a Comment