Saturday, March 29, 2025

ईडी का मेरठ में छापा, रंजना एसोसिएटस की संपत्ति को किया जब्त

 


शाहिद खान

नित्य संदेश, मेरठ। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फर्जी तरीके से दुकानें बेचने के मामले में रंजना एसोसिएट्स की 69.50 लाख रुपये की संपत्तियों को जब्त कर लिया है। ईडी ने जागृति विहार स्थित भूखंड संख्या 7, स्कीम 6, सेक्टर-7 की निर्माणाधीन व्यावसायिक अचल संपत्ति को जब्त किया है। इसका निर्माण रंजना एसोसिएट्स के पार्टनर पंकज गुप्ता द्वारा दुकानों की अवैध बिक्री से प्राप्त आय से किया गया था।

ईडी ने नौचंदी और मेडिकल कॉलेज पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के आधार पर इस प्रकरण की जांच शुरू की थी। जांच में पता चला कि जाली दस्तावेजों का उपयोग करके दुकानों की अवैध बिक्री की गई थी, जिससे आम जनता को आर्थिक नुकसान हुआ था। रंजना एसोसिएट्स में पार्टनर पंकज गुप्ता ने उप्र आवास एवं विकास परिषद के साथ किराया-किस्त खरीद समझौते के कई प्रावधानों का उल्लंघन किया। उन्होंने बिना उचित सहमति के प्लॉट पर अवैध रूप से दुकानें और कार्यालय बनाकर बेचे और अवैध वित्तीय लाभ के लिए खरीदारों के साथ बिक्री समझौतों में जालसाजी की। इन अवैध लेन-देन की आय, जो 69.5 लाख रुपये थी, का उपयोग प्लॉट पर निर्माण के लिए किया गया। इन कार्यों से अनुबंध का उल्लंघन, आपराधिक गतिविधि और खरीदारों और राज्य अधिकारियों को वित्तीय नुकसान हुआ।

पंकज गुप्ता को आवास विकास दफ्तर से किया गिरफ्तार

आवास एवं विकास परिषद के शास्त्रीनगर स्थित कार्यालय में 24 सितंबर 2024 को पंकज गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। पहले बकाएदार को किसी काम से दफ्तर बुलाया गया था। इसी बीच तहसीलदार और पुलिस को बुला लिया गया। टीम के आते ही बकाएदार सहम गया और खिसकने की कोशिश की थी। टीम ने घेरकर आरोपी को दबोच लिया था।

No comments:

Post a Comment