Saturday, March 29, 2025

थर्ड जेंडर ने शादी से किया खारिज, कहा सात फेरे शूटिंग का हिस्सा

 


-मुस्लिम युवक को परिजनों ने किया संपत्ति से बेदखल, मीडिया से बनाई दूरी

शाहिद खान

नित्य संदेश, मेरठ। शिमला में होटल चला रहे एक मुस्लिम युवक ने थर्ड जेंडर से शादी कर ली। हिंदू रीति रिवाज से उसने थर्ड जेंडर संग सात फेरे लिए। बताया जा रहा है, मुस्लिम युवक ने थर्ड जेंडर का शादी से पहले लिंग परिवर्तन कराया है। थर्ड जेंडर भी मवाना के ही एक गांव का रहने वाला है।

शादी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ तो मवाना में चर्चाएं आम हो गई। मुस्लिम युवक को स्वजन ने संपत्ति से बेदखल कर दिया है। मीडिया से भी दूरी बना ली है। दूसरी ओर, थर्ड जेंडर ने भी इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित की। दावा किया, उसने न तो लिंग परिवर्तन किया है, न ही मुस्लिम युवक से शादी की है। जो शादी का वीडियो प्रसारित हो रहा है वह एक फिल्म में उन पर फिल्माया गया है। एक एनजीओ इस फिल्म को बना रहा है। इस दावे के बाद सच्चाई जानने को हर कोई उत्सुक है। गौरतलब है कि मवाना के मोहल्ला तिहाई निवासी मुस्लिम युवक शिमला में कई साल से होटल चलाता है। कुछ वर्ष पूर्व मवाना क्षेत्र के एक गांव निवासी हिन्दू युवक से उसका संपर्क हुआ। इस युवक में थर्ड जेंडर के लक्षण थे। स्थानीय निवासियों ने बताया, काफी समय से दोनों रिलेशनशिप में शिमला में ही रह रहे थे। होटल संचालक ने मोटी रकम खर्च कर युवक का लिंग परिवर्तन करा दिया। अब वह महिला है। फिर उन्होंने विवाह करने का फैसला लिया। विवाह की तारीख भी तय हो गई। कुछ समय पहले दोनों ने शिमला में ही हिन्दू रीति रिवाज से अग्नि को साक्षी मानते हुए सात फेरे ले लिए। इस शादी की जारी वीडियो में दोनों के हाथों में कंगना भी बंधा है। वरमाला व अन्य रस्में निभाई गई। इसकी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गई। एक वीडियो में विदाई व अन्य रस्मे भी निभाते जा रही हैं। कई दिनों से वीडियो इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर तेजी से प्रसारित हो रही है। इसकी जानकारी युवक के घर पहुंची तो पिता ने मुस्लिम युवक को संपत्ति बेदखल करने की बात कही। स्वजन से इस बारे में बातचीत का प्रयास किया गया तो उन्होंने इंकार कर दिया।

मवाना में चर्चाओं के बीच थर्ड जेंडर ने इंटरनेट मीडिया पर अपना वीडियो प्रसारित किया। कहा, मुस्लिम युवक उसका अच्छा दोस्त है। वहीं, सात फेरे लेती वीडियो के बारे में कहा, वह एक एनजीओ में काम करती है। इसी एनजीओ ने एक फिल्म बनाई है। इसमें विवाह का शूट उसके दोस्त संग फिल्माया गया है। इसकी एवज में उन्हें अच्छा खासा मेहनताना मिला है। उसने शादी की बात को सिरे से खारिज किया। लोगों से आग्रह किया कि वह उसकी वीडियो पर उल्टे सीधे कमेँट न करें।

No comments:

Post a Comment