Wednesday, March 26, 2025

सुशासन और विकास के 8 वर्ष विषय पर व्याख्यान का आयोजन

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय माधवपुरम में 'सेवा, सुरक्षा व सुशासन: की नीति के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शासन की मंशा अनुरूप महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह के निर्देशन में ‘'उत्तर प्रदेश भारत का ग्रोथ इंजन : सुशासन और विकास के 8 वर्ष'' विषय पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया।

व्याख्यान में मुख्य वक्ता के रूप में डा. आरसी सिंह (एसोसिएट प्रोफेसर-राजनीति विज्ञान) उपस्थित रहे। डा. आरसी सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का ग्रोथ इंजन है। महिला सशक्तिकरण, स्किल इंडिया, ई लर्निंग, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, आत्मनिर्भरता सहित विकास के विभिन्न चरणों को उत्तर प्रदेश में पूर्ण होते देखा जा सकता है। 25 करोड़ प्रदेशवासियों के प्रयास से यह प्रदेश, भारत के ‘श्रम शक्ति पुंज से अर्थ शक्ति पुंज’ बनने की ओर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश वही है, लेकिन बीते 8 वर्षों परसेप्शन पूरी तरह से बदल चुका है। सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि और सनातन संस्कृति के क्षेत्र में जो पहचान बनी है वह सम्पूर्ण प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

महाविद्यालय की प्राचार्य ने समस्त को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा, सेवा सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने विभिन्न नए कीर्तिमान हासिल किए हैं और महिला सशक्तिकरण एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय लक्ष्य हासिल किए हैं। व्याख्यान का आयोजन महाविद्यालय की सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन नीति की नोडल प्रोफेसर लता कुमार द्वारा किया गया और छात्राओं को इस अभियान से भी परिचित कराया गया। व्याख्यान में एनसीसी कैडेट्स सहित समाजशास्त्र विभाग की छात्राओं ने सहभागिता की और अपने विचार भी साझा किए। कार्यक्रम में 32 छात्राओं ने सहभागिता की।

No comments:

Post a Comment