Breaking

Your Ads Here

Wednesday, October 9, 2024

शिक्षा व्यक्तित्व के विकास का साधन, जो आपको विभिन्न विषयों में पारंगत बनाने के साथ-साथ जीवन जीने की कल भी सिखाएगी: डा. अलका चौधरी

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवागंतुक छात्राओं के लिए अत्यंत हर्ष उल्लास के साथ सुस्वागतम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय की सभी कोर्सेज में प्रथम वर्ष की छात्राओं को महाविद्यालय की समस्त समितियों के कार्यों के विषय में अवगत कराना है, जिससे छात्राएं अपनी किसी भी समस्या या जिज्ञासा के लिए संबंधित समिति से संपर्क कर सकें।

प्रारंभ में नवागंतुक छात्राओं का एनआरएससी हॉल में प्राचार्या द्वारा तिलक करके स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अधिकारी, उच्च शिक्षा विभाग प्रो. डॉ. मोनिका सिंह मौजूद थी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राचार्या महाविद्यालय की चीफ प्रॉक्टर तथा डीन द्वारा मां शारदे के सम्मुख ज्ञान के दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि को छात्राओं द्वारा हस्त निर्मित फ्लावर पॉट देकर उनका स्वागत किया गया। तत्पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना पर बहुत ही मनमोहक प्रस्तुति दी। प्राचार्या डॉ. अलका चौधरी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सीखना एक सतत प्रक्रिया है, अपनी जिज्ञासाओं को शांत करने के लिए शिक्षिकाओं के माध्यम से अपने ज्ञान का विस्तार करें। शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्तित्व के विकास का साधन है, जो आपको विभिन्न विषयों में पारंगत बनाने के साथ-साथ जीवन जीने की कल भी सिखाएगा, जिससे आप देश के भावी भविष्य के निर्माण में भी योगदान दे पाएंगी।

मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अधिकारी प्रो. डॉ. मोनिका सिंह ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को नवरात्रि पर्व की बधाई दी तथा बताया कि यह पर्व महिलाओं की शक्ति को प्रदर्शित करता है। इसीलिए महिलाओं को भी अपनी शक्ति को समझते हुए हर चुनौती का डटकर मुकाबला करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से वार्तालाप किया तथा उनके भविष्य की रणनीतियों के विषय में जाना एवं आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की कड़ी में सर्वप्रथम छात्र कल्याण परिषद द्वारा यह बताया गया कि किसी भी व्यक्ति का छात्र जीवन सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होता है यदि वह शैक्षिक समय को किसी भी गलत कार्य में व्यतीत करता है तो संपूर्ण जीवन व्यर्थता का पर्याय बन जाता है, इसके इतर यदि वही समय बच्चे उसका सदुपयोग कर पढ़ाई में लगाते हैं तो निश्चित रूप से उनका जीवन सफल रहता है तथा वे जीवन की तमाम चुनौतियों का सामना कर पाते हैं। अनुशासन परिषद द्वारा स्किट के माध्यम से अनुशासन समिति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि महाविद्यालय प्रांगण में छात्राओं के बीच महाविद्यालय के नियमों को सही रूप से पालन कराना, छात्राओं को नियमों का पालन कराने के लिए प्रेरित करना और महाविद्यालय प्रांगण में स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण बनाये रखना समिति का मुख्य उद्देश्य है।

मेडिकल कमेटी द्वारा छात्राओं को बताया गया कि यदि किसी भी छात्रा को कोई स्वास्थ्य से संबंधित परेशानी होती है तो समिति द्वारा उसका त्वरित समाधान किया जाता है। वुमन हरासमेंट एवं प्रिवेंशन सेल द्वारा महिला सुरक्षा संबंधी अनेक हेल्पलाइन नंबर तथा महत्वपूर्ण तथ्यों से छात्राओं को अवगत कराया गया। इसी क्रम में एनएसएस अधिकारी द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य सामुदायिक सेवा के माध्यम से छात्राओं के चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास कर राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करना है। साथ ही रोड सेफ्टी क्लब एवं महाविद्यालय की प्रेस एवं मीडिया कमेटी के उद्देश्यों एवं कार्यों के विषय में अवगत कराया गया साथ ही महाविद्यालय के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ने के लिए छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया।

एनसीसी केयरटेकर ऑफिसर द्वारा एनसीसी के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि एनसीसी का मुख्य उद्देश्य एकता और अनुशासन की भावना पैदा करना है तथा कैडेट्स को एक श्रेष्ठ नागरिक बनाना है। रेंजर्स प्रभारी द्वारा समिति का परिचय देते हुए छात्राओं को इसके सिद्धांत - कोशिश करो, तैयार रहो व सेवा करो से अवगत कराया, साथ ही रेंजर्स छात्राओं के द्वारा समिति के गतिविधियों का उल्लेख किया गया। इसी क्रम में छात्रवृत्ति समिति मे नाटिका के प्रस्तुतीकरण के माध्यम से माध्यम से छात्रवृत्ति के नियमों के विषय में अवगत कराया गया।

इसी क्रम में खेल समिति महाविद्यालय की छात्राओं की खेल प्रतिभा एवं कौशल को निखारने के लिए तत्पर है। यह समिति विभिन्न टूर्नामेंट्स में महाविद्यालय की छात्राओं की प्रतिभागिता सुनिश्चित करती है, साथ ही महाविद्यालय में उपलब्ध खेल से संबंधित सुविधाएं प्रदान करने एवं एवं प्रॉपर ट्रेनिंग की भी व्यवस्था करती है। साहित्यिक सांस्कृतिक परिषद, कल्चरल कमेटी, स्टूडेंट सपोर्ट कमेटी तथा एलएमएस सेल के उद्देश्य के विषय में छात्राओं को विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।

लाइब्रेरी कमेटी द्वारा लाइब्रेरी के महत्व तथा नियमों से छात्राओं को अवगत कराया गया। मेंटरिंग एवं काउंसलिंग सेल के द्वारा यह संदेश दिया गया कि  यदि कोई भी छात्रा तनाव की स्थिति में स्वयं को महसूस करती है तो मेंटोरिंग एवं काउंसलिंग सेल से संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान कर सकती है। कौशल विकास समिति में छात्राओं द्वारा एक अत्यंत मनमोहक प्रस्तुति के माध्यम स्किल कोर्सेज के उद्देश्य, कार्य एवं महत्व के विषय में जानकारी दी गई। साथ ही शासन के आदेशानुसार सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अधिकारी प्रो. डॉ. मोनिका सिंह के द्वारा सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात मुख्य अतिथि को प्राचार्या द्वारा भेंट स्वरूप स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में डीन प्रो. किरण प्रदीप के द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

कार्यक्रम में समस्त प्रवक्ता वर्ग, ऑफिस स्टाफ तथा महाविद्यालय के सभी कोर्सेज की प्रथम वर्ष की छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संयोजन आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर प्रो. किरण प्रदीप एवं महाविद्यालय की चीफ प्रॉक्टर प्रो. विनीता गुप्ता के द्वारा किया गया। मंच संचालन डॉ. प्रीति सिंह एवं डॉ. अर्चना प्रिय आर्या द्वारा किया गया। 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here