Breaking

Your Ads Here

Thursday, October 10, 2024

मिशन शक्ति अभियान: मेधावी छात्रा राम्या सिंघल बनी एक दिन की सांकेतिक जिलाधिकारी

 


मेधावी छात्रा ने फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी के पद एवं दायित्वों के निवर्हन की ली सीख

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कलक्ट्रेट कार्यालय में केएल इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा-12 की सीबीएसई बोर्ड की छात्रा राम्या सिंघल पुत्री नितिन सिंघल एक दिन के लिए सांकेतिक जिलाधिकारी बनाई गई, जिन्होंने फरियादियों की समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठने के पश्चात् राम्या सिंघल ने फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी के पद एवं दायित्वों के निवर्हन की सीख ली। बतौर सांकेतिक डीएम राम्या सिंघल ने फरियादियों की समस्याएं सुनी व संबंधित अधिकारी को निस्तारण के निर्देश दिए।

सांकेतिक जिलाधिकारी ने अपने मनोविचार साझा करते हुए कहा कि जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर अच्छा एवं गर्व महसूस हो रहा है। मैं अपने आप को बहुत सौभाग्यशाली समझती हॅू कि मुझे एक दिन का जिलाधिकारी बनने का अवसर प्राप्त हुआ है। एक दिन की जिलाधिकारी बनने के बाद उन्हें पता लगा रह है कि जिलाधिकारी के ऊपर कितनी जिम्मेदारी होती है। सभी फरियादियों की समस्याओं को सुनना व उनका निस्तारण करना बहुत बड़ा कार्य है। उनके द्वारा भविष्य में अपने लक्ष्य को लेकर भी मीडिया से अपने विचार साझा किये गये। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि महिला सुरक्षा तथा उनको सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में है। शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में मिशन शक्ति अभियान अंतर्गत जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है, इसी क्रम में आज मेधावी छात्रा राम्या सिंघल को एक दिन का सांकेतिक जिलाधिकारी बनाया गया है। कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासन के पास आने वाली शिकायतों तथा उसके निस्तारण के तरीकों को समझाना तथा उनमें सामाजिक मुद्दों से संबंधित संवेदनशीलता उत्पन्न करना है, यदि वह इस क्षेत्र में आना चाहती है तो कैसे उसमें आगे बढ़ सकती है तथा इस पद की कार्यप्रणाली के बारे में जानना है। कहा कि आज के समाज में बेटा-बेटी एक समान है। सरकार के प्रयासों से चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों द्वारा आमजन को जागरूक किया जा रहा है तथा समाज में भी बेटियों के प्रति सोच में बदलाव सकारात्मक रूप से प्रत्येक स्तर पर दिखाई दे रहा है। बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में कमतर नहीं है। कहा कि मेधावी छात्रा को एक दिन का जिलाधिकारी बनाकर यह एहसास दिलाना है कि यदि मेहनत करेंगे तो ऊंचे से ऊंचे पद पर पहुंचकर देश व प्रदेश में योगदान देने में अपनी बडी भूमिका निभा सकते है। मेधावी छात्रा से अन्य छात्राअसें को भी प्रेरणा मिलेगी। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि समाज को यह संदेश पहुंचे कि बेटियां आपका गौरव है। यदि आप उन्हें अवसर देंगे तो किसी भी कार्य को बेहतर ढ़ग से कर सकती है। सरकार एवं समाज के प्रत्येक वर्ग का यह दायित्व है कि हम उन्हें आगे बढाये। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मेधावी छात्रा को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

इसके अलावा आइडियल चिल्डेंरस इंटर कालेज फलावदा हाईस्कूल की छात्रा आकृति को सांकेतिक मुख्य विकास अधिकारी, जेएनएम इंटर कालेज रछौती हाईस्कूल की छात्रा श्रद्धा शर्मा को सांकेतिक जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा प्रेस विज्ञप्ति के साथ संलग्न सूची के अनुसार जनपद से पंचायत स्तर तक के सभी पदों पर छात्राओं को सांकेतिक अधिकारी बनाया गया। इस अवसर पर एसीएम नवनीत गोयल, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व आमजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here