Thursday, October 1, 2026

खेल प्रतिभाओं को अवसर और आधुनिक सुविधाएँ मिलें, तो वे अपनी क्षमता को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकती हैं।” — रमेश मेंदोला

• प्रतिभा, तकनीक और प्रतिस्पर्धा का संगम बना संभागीय महिला टेबल टेनिस आयोजन


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। माँ कनकेश्वरी देवी शासकीय महाविद्यालय, इंदौर में संभागीय स्तर की महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में इंदौर संभाग की 8 टीमों ने सहभागिता की। इनमें शासकीय होलकर स्वशासी विज्ञान महाविद्यालय, श्री वैष्णव इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड साइंस, आईपीएस एकेडमी, श्री उमिया कन्या महाविद्यालय, एक्रोपोलिस महाविद्यालय, माँ कनकेश्वरी देवी शासकीय महाविद्यालय, गवर्नमेंट न्यू लॉ कॉलेज तथा यू.टी.डी., डीएवीवी की टीमें शामिल रहीं।

क्षेत्र क्रमांक-2 के विधायक रमेश मेंदोला ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए महाविद्यालय में टेबल टेनिस की अत्याधुनिक रोबोट मशीन एवं अन्य खेल उपकरणों का शुभारंभ किया। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा व जनप्रतिनिधि चंदू राव शिंदे ने खेल सुविधाओं के विस्तार को विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

अतिरिक्त संचालक एवं निर्णायक मंडल की अध्यक्ष डॉ. किरण सालूजा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। शारीरिक शिक्षा विभाग की संचालक डॉ. सुधीरा चंदेल ने संभागीय प्रतियोगिताओं को उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया।

             

प्राचार्य मेजर डॉ. संजय सोहनी ने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास एवं प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रशासनिक अधिकारी डॉ. स्मिता चैतन्य ने आयोजन को विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। महाविद्यालय की क्रीड़ा अधिकारी डॉ. बबीता अग्रवाल ने कहा कि अत्याधुनिक खेल उपकरण खिलाड़ियों के प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाएँगे तथा उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में सहायक होंगे।

        

प्रतियोगिता के मुख्य अधिकारी डॉ. मनोज सोनगरा के कुशल मार्गदर्शन एवं देखरेख में सभी मुकाबले सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हुए। पर्यवेक्षक डॉ. प्रवीण केकरे ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं एवं खेल प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

निर्णायक मंडल में डॉ. किरण सालूजा, डॉ. सुधीरा चंदेल, डॉ. सत्येंद्र शर्मा, डॉ. अनुराग हार्डिया एवं डॉ. बबीता अग्रवाल ने दायित्व निभाया। यू.टी.डी., डीएवीवी की टीम विजेता रही । प्रतियोगिता का संचालन डॉ. प्रगति जैन ने किया तथा आभार डॉ. बबीता अग्रवाल व्यक्त किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया।

No comments:

Post a Comment