Sunday, October 4, 2026

आलू की फसल का भुगतान अटका, किसान ने पुलिस से लगाई गुहार

 


रवि गौतम

नित्य संदेश, गजरौला। आलू की फसल खरीद के बाद भुगतान न मिलने का आरोप लगाते हुए एक किसान ने थाना गजरौला पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में Urban Agrigalla Pvt. Ltd. के माध्यम से आलू खरीद और भुगतान से संबंधित समस्या का उल्लेख किया गया है। 


शिकायतकर्ता के अनुसार उसने कंपनी के साथ आलू उत्पादन को लेकर समझौता किया था। कंपनी की शर्तों के अनुसार आलू की फसल तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा कराई गई। पत्र में उल्लेख है कि कंपनी की ओर से भुगतान के लिए करीब चार माह का समय बताया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि गुजरने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया।किसान का आरोप है कि भुगतान के लिए कंपनी के अधिकारियों से कई बार संपर्क किया गया। शुरुआत में भुगतान करने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन शिकायत के अनुसार अब करीब आठ माह बीतने के बावजूद रकम नहीं मिली है। फोन करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है।शिकायत में किसान ने बताया है कि उसका करीब 40 हजार रुपये का भुगतान बकाया है। पत्र में 166 कट्टे आलू तथा संबंधित रसीदों का भी उल्लेख किया गया है। किसान ने पुलिस से मामले की जांच कर कंपनी से बकाया भुगतान दिलाने तथा आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


शिकायत पत्र में रजनीश पाराशर समेत कंपनी के जिम्मेदार लोगों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। कंपनी अथवा उसके प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा

No comments:

Post a Comment