Saturday, October 10, 2026

कैंट में विकास कार्यों का निरीक्षण, निर्माण की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर जोर



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कैंट विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने और नागरिकों को बेहतर आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न सड़क परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान नगर निगम एवं एमईएस के अधिकारियों के साथ कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के अंतर्गत पल्लवपुरम फेज-1 से पल्लवपुरम फेज-2 को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया गया। यह मार्ग दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।इसके अतिरिक्त रुड़की रोड स्थित आबू नाले की दक्षिण पटरी पर इंद्रलोक कॉलोनी से जटौली की ओर जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत इस परियोजना का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।


वहीं, मेरठ-पौड़ी मार्ग पर बक्सर टेंपो स्टैंड से ग्राम अम्हेड़ा की ओर जाने वाले मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया गया कि निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन हो तथा सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। इस अवसर पर अधिकारियों को निर्माण संबंधी मानकों का विशेष ध्यान रखने, कार्यों में अनावश्यक विलंब से बचने तथा स्थानीय नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क, मजबूत आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं का विस्तार विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों को सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

No comments:

Post a Comment