Tuesday, October 6, 2026

एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय कैंपस के गृह विज्ञान विभाग की एम.एससी. फूड एंड न्यूट्रिशन की छात्राओं के लिए दिव्य ज्योति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, गंगानगर, मेरठ में एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर दिव्य ज्योति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के ऑनर एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव सिंह का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने छात्राओं को अस्पताल की कार्यप्रणाली, रोगियों की देखभाल तथा स्वास्थ्य सेवाओं में पोषण एवं आहार प्रबंधन के महत्व के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

इस शैक्षिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं व्यावसायिक ज्ञान प्रदान करना था। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने अस्पताल के डायटेटिक्स विभाग की कार्यप्रणाली, विभिन्न रोगों में दिए जाने वाले चिकित्सीय आहार, आहार परामर्श की प्रक्रिया तथा हॉस्पिटल किचन में स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा एवं पोषण प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा।

छात्राओं को अस्पताल में डायटिशियन की भूमिका एवं जिम्मेदारियों, रोगियों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं तथा विभिन्न रोगों के अनुसार चिकित्सीय आहार के महत्व को समझने का अवसर मिला। साथ ही, उन्होंने हॉस्पिटल किचन में खाद्य पदार्थों की स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण एवं पोषण प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।

यह शैक्षिक भ्रमण छात्राओं के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। इस भ्रमण के माध्यम से छात्राओं को फूड एंड न्यूट्रिशन के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ, जो उनके भविष्य के व्यावसायिक एवं करियर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस शैक्षिक भ्रमण का आयोजन डॉ. निधि चौधरी, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ होम साइंस, चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी कैंपस, मेरठ के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया। उनके कुशल मार्गदर्शन में छात्राओं को फूड एंड न्यूट्रिशन के क्षेत्र में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

No comments:

Post a Comment