Wednesday, October 7, 2026

16 दिवसीय निशुल्क सर्वधर्म सामूहिक तर्पण में सभी समाजों की भागीदारी; रोजाना तर्पण करने वालों का होगा सम्मान

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। श्राद्ध पक्ष में अपने दिवंगत परिजनों और पूर्वजों की स्मृति को श्रद्धा से नमन करने के लिए ऐतिहासिक कृष्णपुरा छत्री पर 16 दिवसीय निशुल्क सर्वधर्म सामूहिक तर्पण चल रहा है। सुबह से ही यहां अलग-अलग समाजों के लोग पहुंचकर आचार्यों के सान्निध्य में अपने पितरों का तर्पण कर रहे हैं। आयोजन में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। खास बात यह है कि तर्पण के साथ पूर्वजों की स्मृति में पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया जा रहा है।


अनंत सेवा न्यास एवं विश्व ब्राह्मण समाज संघ के तत्वावधान में हो रहे आयोजन में पूर्व राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त एवं संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित योगेंद्र महंत के मार्गदर्शन में सुबह 8 से 11 बजे तक विधि-विधान से तर्पण कराया जा रहा है। आयोजन 10 अक्टूबर, सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या तक चलेगा।

पंडित योगेंद्र महंत ने कहा कि पितरों का स्मरण केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि उनके प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और अपने संस्कारों से जुड़ने का अवसर है। इसी भावना से सभी समाजों के लिए निशुल्क तर्पण की व्यवस्था की गई है। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना भी है।


निर्धारित तिथियों पर विशेष तर्पण

श्राद्ध पक्ष की निर्धारित तिथियों के अनुसार विशेष तर्पण कराया जा रहा है। 9 अक्टूबर को चतुर्दशी पर अकाल या दुर्घटना में दिवंगत लोगों के निमित्त तर्पण होगा। वहीं 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या पर उन पितरों के निमित्त तर्पण कराया जाएगा, जिनकी श्राद्ध तिथि ज्ञात नहीं है।

रोज तर्पण करने वालों का होगा सम्मान

आयोजकों के अनुसार श्राद्ध पक्ष के सभी दिनों में नियमित रूप से तर्पण करने वाले श्रद्धालुओं को आयोजन के समापन पर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को अपने पूर्वजों की स्मृति में पर्यावरण संरक्षण और संस्कृति संरक्षण का संकल्प दिलाया जा रहा है, ताकि पितरों की स्मृति को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा जा सके।

श्रद्धालुओं से तर्पण के लिए धोती और गमछा अथवा उत्तरीय साथ लाने का आग्रह किया गया है।

No comments:

Post a Comment