Tuesday, October 6, 2026

जू में वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित हुआ सर्प जागरूकता एवं रेस्क्यू प्रशिक्षण कार्यक्रम

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय (इंदौर जू) में आगंतुकों, स्वयंसेवकों तथा NGO ARPF एवं इंदौर डिवीजन सिविल डिफेन्स के सदस्यों के लिए सर्प जागरूकता एवं सुरक्षित रेस्क्यू संबंधी कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में वन्यजीव विशेषज्ञ एवं MCBT के ट्रस्टी श्री गणेश मुथैया द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के सांपों की पहचान, उनके व्यवहार तथा मानव-सर्प संघर्ष की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान रैट स्नेक, वाइपर एवं कोबरा के जीवित नमूनों का प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को उनके व्यवहार एवं पहचान के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही, प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को सांपों को सुरक्षित रूप से बैग करने की विधि, आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल तथा रेस्क्यू के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आमजन एवं स्वयंसेवकों में सांपों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सर्पों के संबंध में फैली भ्रांतियों को दूर करना तथा सर्पदंश एवं मानव-सर्प संघर्ष की घटनाओं के दौरान सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करना रहा। जू में आयोजित यह कार्यक्रम वन्यजीव सप्ताह के दौरान वन्यजीव संरक्षण, जन-जागरूकता एवं मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

No comments:

Post a Comment