Sunday, October 11, 2026

राष्ट्रीय हैकाथॉन में शोभित विश्वविद्यालय की शानदार सफलता


150 टीमों के बीच ‘टीम-एक्स’ ने हासिल किया तृतीय स्थान, स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार को मिली सराहना

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कंप्यूटेशनल साइंसेज एंड इंजीनियरिंग की टीम ‘टीम-एक्स’ ने कोयर विश्वविद्यालय, रुड़की द्वारा आयोजित ‘मंथन राष्ट्रीय हैकाथॉन 6.0’ में 150 टीमों के बीच तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन आईआईटी रुड़की के प्राध्यापकों ने किया।

टीम ने ‘एएमआर सेंटिनल’ नामक कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित परियोजना प्रस्तुत की, जिसका उद्देश्य एंटीबायोटिक के अनुचित उपयोग की पहचान और सुरक्षित उपचार में चिकित्सकों की सहायता करना है। विजेता टीम में एमसीए प्रथम वर्ष के विकाश कुमार, विनिता भारती एवं अमीश कुमार तथा बीटेक प्रथम वर्ष के अद्यन श्रीवास्तव शामिल रहे। टीम की मार्गदर्शक डॉ. राखी भारद्वाज के निरंतर मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और प्रोत्साहन ने विद्यार्थियों को इस उपलब्धि तक पहुँचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी. के. त्यागी ने विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह उपलब्धि युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और सामाजिक समस्याओं के समाधान के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रो. (डॉ.) संदीप कुमार, निदेशक, स्कूल ऑफ कंप्यूटेशनल साइंसेज एंड इंजीनियरिंग ने टीम को बधाई देते हुए वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की अन्य टीमों—‘डिबग डायनेस्टी’, ‘स्मार्ट सिंटैक्स’, ‘बाइट-एक्स’, ‘इनोवैक्सा’ और ‘हेक्साहैक’—ने भी सहभागिता की।

विश्वविद्यालय ने इस सफलता का श्रेय विजेता टीम की मेहनत, डॉ. राखी भारद्वाज के समर्पित मार्गदर्शन तथा सभी विभागाध्यक्षों और संकाय सदस्यों के सहयोग एवं प्रोत्साहन को देते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की नवाचार, अनुसंधान और समाजोपयोगी तकनीक को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

No comments:

Post a Comment