नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार ट्रस्ट द्वारा 2 अक्टूबर के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी और मेरठ के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी विष्णु शरण दुबलिश जी की जयंती के उपलक्ष्य में टाउनहॉल स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम दोपहर 11:30 बजे भारत माता की जय के साथ प्रारम्भ हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि, राष्ट्रपति पदक से अलंकृत प्रबुद्ध समाजसेवी सरबजीत सिंह कपूर ने "स्वच्छता ही सेवा" के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई नायक-नायिकाओं को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में रोजी (वार्ड 74), बबीता (वार्ड 32), प्रहलाद (वार्ड 54), रोहित (वार्ड 64) और सतीश (वार्ड 24) शामिल रहे। इन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर "मेरे शहर का कायाकल्प, यह है दृढ़ संकल्प" के संकल्प के साथ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमर सिंह आवान जी को भी समारोह गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि श्री कपूर ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी का स्वतंत्रता आंदोलन में अभूतपूर्व योगदान है और सत्याग्रह भारत की आजादी का मूल मंत्र रहा। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री जी के 'जय जवान जय किसान' के नारे और सिद्धांतवादी राजनीति को भी याद किया।
मुख्य संयोजक दिनेश चंद जैन ने बताया कि विष्णु शरण दुबलिश ने गांधी जी के आह्वान पर कई बार जेल यात्रा की और काला पानी की सजा भी काटी। कार्यक्रम में मुख्य संयोजक दिनेश चंद जैन, संयोजक दीपेंद्र कुमार जैन, महेश गुप्ता, प्रेम प्रकाश गुप्ता, देवांश मिश्रा, प्रवीण दुबलिश, नरेन्द्र स्वरूप दुबलिश, हेमंत दुबलिश, निर्भीक दुबलिश, सुनील शर्मा, रीतेश कुमार सहित ट्रस्ट के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment