Saturday, October 10, 2026

AAP का हल्ला बोल - मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, बोले अंकुश चौधरी - हजार मुकदमे दर्ज कर लो, डरने वाले नहीं


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आम आदमी पार्टी का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। मेरठ में AAP कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

AAP नेता अंकुश चौधरी ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, "अगर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करोगे, जो हमारा संवैधानिक अधिकार है, तो योगी आदित्यनाथ अपनी पुलिस से मुकदमे दर्ज करवाएंगे। योगी जी, एक नहीं, हजार मुकदमे दर्ज करवा लो, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं, झुकने वाले नहीं हैं!"

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लोकतंत्र और संविधान को मानने वाले लोग हैं और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और इस्तीफे की मांग जारी रहेगी। "कितने दिन हाउस अरेस्ट करोगे? कितने दिन पहरा बैठाओगे? गोरे अंग्रेज चले गए, तो ज्ञानेश कुमार क्या चीज़ हैं! देश का नौजवान लोकतंत्र की हत्या और जनादेश की डकैती अब बर्दाश्त नहीं करेगा। मेरठ की सड़कों पर आम आदमी पार्टी का यह आक्रोश केवल शुरुआत है।"

दिल्ली में भी जोरदार प्रदर्शन, केजरीवाल-संजय सिंह गिरफ्तार
दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए अंकुश चौधरी ने कहा कि 40,000 से अधिक केंद्रीय बलों और दिल्ली पुलिस की भारी तैनाती के बावजूद नौजवानों ने मजबूती के साथ प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा, "आज आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जी, मेरे नेता एवं सांसद संजय सिंह जी सहित विपक्ष के तमाम नेताओं को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया। लेकिन लोकतंत्र की आवाज़ को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता!"

ध्रुव राठी का मुद्दा भी उठाया
अंकुश चौधरी ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, " अमित शाह जी, एक बात याद रखना! ध्रुव राठी जाट समाज का बेटा है। अगर उसे हाथ लगाने या उसके साथ ज्यादती करने की कोशिश की, तो याद रखना—जब किसान नेता राकेश टिकैत जी की आँखों से आँसू निकले थे, तब जनसैलाब उमड़ पड़ा था। ध्रुव राठी के साथ अन्याय हुआ तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही नहीं, पंजाब, हरियाणा और पूरे उत्तर प्रदेश के लोग अपनी आवाज़ बुलंद करेंगे।"

उन्होंने बताया कि आज के प्रदर्शन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, अरविंद बालियान, बागपत यूथ अध्यक्ष सचिन, सरधना विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सहित कई कार्यकर्ता दिल्ली पहुँचे।

अंत में उन्होंने कहा, "जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होगा, लोकतंत्र और वोट के अधिकार की लड़ाई जारी रहेगी। न डरेंगे, न झुकेंगे, न रुकेंगे!"

No comments:

Post a Comment