Tuesday, October 13, 2026

60 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान क्रम में मेरठ के ग्राम प्रहरी सम्मानित

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम हॉल में मंगलवार को जनपद मेरठ के ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 60,000 ग्राम प्रहरियों के सम्मान कार्यक्रम के क्रम में आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ, जिलाधिकारी मेरठ तथा जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर ग्राम प्रहरियों को पुलिस सहयोग, अपराध नियंत्रण और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने ग्राम प्रहरियों से संवाद कर उनके कार्यों एवं दायित्वों पर चर्चा की और पुलिस व आमजन के बीच सेतु के रूप में उनकी भूमिका पर दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment