18 घंटे के अनवरत सृजन से विद्यार्थी कलाकारों ने रंगों में उकेरा विकसित भारत का संकल्प
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ अभियान के अंतर्गत चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान द्वारा विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में 108×108 फीट की विशाल ‘सेवा संकल्प’ मेगा रंगोली तैयार की गई। रंगोली लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
उत्तर प्रदेश शासन की ओर से आयोजित इस मेगा रंगोली कार्यक्रम के लिए ललित कला संस्थान की उपनिदेशक प्रो. अलका तिवारी को संयोजक नियुक्त किया गया। उनके नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में संस्थान के विद्यार्थी कलाकारों ने लगभग 18 घंटे लगातार कार्य कर इस विशाल रंगोली को साकार किया। रंगोली को चार स्तरों में विभाजित किया गया, जिसमें अलग-अलग ब्लॉकों के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जनहित में संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कन्या सुमंगला योजना, युवा शक्ति सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ विकसित भारत, राष्ट्र निर्माण, सेवा और युवा शक्ति की भावना को भी कलात्मक रूप में दर्शाया गया।
माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि कला समाज और देश के प्रति जागरूकता का प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को युवाओं की रचनात्मकता के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह सुंदर प्रयास है। विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से सेवा, राष्ट्र के प्रति समर्पण और विकास की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी डॉ. दुष्यंत चौहान ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर विद्यार्थी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इतनी विशाल रंगोली को पूरी रात मेहनत से तैयार करना उनकी प्रतिभा और समर्पण को दर्शाता है।
इस आयोजन में थाना मेडिकल के SHO एवं उनकी पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा। पूरी रात पुलिस टीम द्वारा आयोजन स्थल पर लगातार निगरानी रखते हुए रंगोली निर्माण में जुटे छात्र-छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया गया। प्रो. अलका तिवारी ने SHO थाना मेडिकल एवं उनकी टीम के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग और संवेदनशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरी रात विद्यार्थियों के बीच पुलिस टीम की मौजूदगी से छात्र-छात्राओं में सुरक्षा और विश्वास की भावना बनी रही, जिससे वे बिना किसी चिंता के अपने सृजनात्मक कार्य में जुटे रहे।
प्रो. अलका तिवारी ने कहा कि कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की प्रेरणा और विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से यह विशाल रंगोली साकार हो सकी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने पूरी रात उत्साह के साथ कार्य करते हुए सेवा, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत की भावना को रंगों और आकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। उन्होंने इस आयोजन के लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को चयनित किए जाने पर संस्कृति प्रभात, लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश ललित कला अकादमी का आभार व्यक्त किया।
रंगोली निर्माण में आकाश, जयश्री, आर्यन सहित ललित कला संस्थान के विद्यार्थी कलाकारों ने सक्रिय योगदान दिया। आयोजन में डॉ. मितेंद्र गुप्ता, प्रेस प्रवक्ता; डॉ. प्रवीण पवार, मीडिया प्रभारी; सुश्री दीपा जली तथा डॉ. शालिनी धामा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। विकास अधिकारी नूपुर गोयल का भी सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
आयोजन के दौरान ललित कला संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। पूरी रात चले इस सृजनात्मक कार्य में विद्यार्थियों ने अपनी कला और प्रतिभा के माध्यम से सेवा, संकल्प, राष्ट्र समर्पण और विकसित भारत का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
No comments:
Post a Comment